विभिन्न वर्गों के साथ बैठक कर आगे की योजनाओं पर करेंगे चर्चा
कानपुर (हि.स.)। श्री रामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव एवं विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय उपाध्यक्ष चम्पत राय रविवार को कानपुर आएंगे। वह यहां पर राम मंदिर के निर्माण के लिए सहयोग निधि के संकलन को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बैठक करेंगे और कानपुर प्रांत में बनाई गई टोलियों की रुपरेखा भी जानेंगे। इसके अलावा राम मंदिर निर्माण को लेकर आगे किस तरह की योजना है, इसके बारे में भी जानकारी दे सकते हैं।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान 15 जनवरी को मकर संक्रांति से शुरु हो रहा है और माघी पूर्णिमा यानी 27 फरवरी तक चलेगा। कानपुर प्रांत राम मंदिर आंदोलन के समय से बड़ा केंद्र रहा है, इसलिए अब राम मंदिर निर्माण के दौरान भी विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष की नजर इस प्रांत पर है। वह तीन जनवरी को विहिप के कानपुर प्रांत कार्यालय गोविंद नगर में श्रीमुनि इंटर कालेज परिसर में आएंगे। विहिप के प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख ओमेंद्र अवस्थी के अनुसार चंपत राय यहां पर प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सारी रुपरेखा को जानेंगे। कानपुर प्रवास के दौरान चंपत राय समाज के विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ बैठक भी करेंगे। सामाजिक संगठनों से होगी चर्चा
प्रांत प्रचार प्रमुख के मुताबिक समाज के लोगों को किस तरह इस अभियान से जोड़ा जाना है, इसके लिए अलग-अलग वह कई सामाजिक संगठनों से भी चर्चा करेंगे। निर्धारित समय सीमा में किस तरह प्रांत के 11,241 गांवों तक टोलियां पहुंचेंगी और उनके लिए क्या तैयारी की गई है, इसको भी वह जानेंगे। उनके साथ चर्चा में प्रमुख रुप से श्रीराम मंदिर निधि समर्पण समिति कानपुर प्रांत के अभियान प्रमुख दीनदयाल गौड़, प्रांतीय हिसाब प्रमुख परमानंद अग्रवाल, प्रांतीय कार्यालय प्रमुख गंगा नारायण मिश्रा रहेंगे। इसके साथ ही संतों के मार्गदर्शन में जिलों में जो मार्गदर्शक मंडल बनाया जाना है, उनके नामों के बारे में भी जानेंगे। बताया कि सबसे पहले मीडिया से मुखातिब होकर वह अभियान से लेकर राम मंदिर निर्माण को लेकर चर्चा करेंगे।
