Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराम द्रोहियों से हाथ नहीं मिला सकता निषाद समाज : योगी आदित्यनाथ

राम द्रोहियों से हाथ नहीं मिला सकता निषाद समाज : योगी आदित्यनाथ

महराजगंज (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कैम्पियरगंज में भाजपा प्रत्याशी फतेह बहादुर सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। सभा में निषाद समाज की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम और निषाद समाज का साथ त्रेतायुग से मिलता आ रहा है। निषाद समाज कभी रामद्रोहियों से हाथ नहीं मिला सकता है। हम लोग शृंग्बेरपुर में निषाद राज का भव्य स्मारक और उनकी भव्य प्रतिमा बना रहे हैं। अयोध्या में भव्य मंदिर बन रहा है। यह काम सपा और बसपा नहीं कर सकती है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और गरीबों का कल्याण कभी समाजवादी पार्टी के एजेंडे का हिस्सा नहीं रहा। सपा नारे तो सबके साथ का लगाती थी लेकिन, काम केवल सैफई खानदान का ही विकास करना था। पहले की सरकार की नीयत में ही संदेह था। गरीबों और विकास का पैसा पेशेवर अपराधी, माफिया या इत्र वाले मित्र अपनी तिजोरी में कैद कर लेते थे ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पक्ष में चल रही प्रचंड आंधी और सुनामी को देखकर कह सकता हूं कि भाजपा एक बार फिर 10 मार्च को तीन सौ पार का लक्ष्य प्राप्त करेगी । यह देखकर विपक्षी दलों में विदेश भागने की भगदड़ मच गयी है। और वह 10 व 11 मार्च के लिए टिकटों की एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। बड़े नेता इंग्लैंड तो छुटभैय्ये नेपाल भागने की फिराक में हैं। इसलिए हमने नेपाल बार्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी है। बिजली का मुद्दा उठाते हुए सीएम योगी ने जनता से पूछा कि क्या पहले पहले बिजली मिलती थी? फ्री में राशन मिलता था? हमारी डबल इंजन की सरकार कोरोना कालखंड से हर गरीब को डबल राशन के साथ दाल, नमक और तेल भी दे रही है, अभी तो यह झलक है।

कहा कि पिछली सरकार बिजली देने में भी भेदभाव करती थी। ईद व मोहर्रम पर बिजली आती थी, होली और दिवाली पर गायब हो जाती थी। हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के सबको पर्याप्त और निर्बाध बिजली दे रही है।

सुख-दुख में गायब रहने वाला अवसरवादी

कैम्पियरगंज से सपा प्रत्याशी पर तंज कसते हुए सीएम योगी ने कहा कि चुनाव से पहले न दिखाई देने वाले चुनाव बाद भी गायब हो जाएंगे। फतेह बहादुर जनता के बीच रहते हैं और कैम्पियरगंज के विकास और जनता की आवाज शासन में उठाते हैं।

सभा में सांसद रवि किशन, भाजपा प्रत्याशी फतेह बहादुर सिंह, उप्र मत्स्य विकास परिषद के अध्यक्ष रमाकांत निषाद, पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य विजय शंकर यादव, निषाद पार्टी के कोषाध्यक्ष रामकिशोर निषाद, ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव आदि ने भी संबोधित किया।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular