वीडियो वायरल होने के बाद जांच में जुटी पुलिस
औरैया(हि.स.)। जनपद के सहायल थाना क्षेत्र के गांव सौथरा में बीती रात्रि रामलीला के मंच पर आयोजित किये गये रंगारंग कार्यक्रम में बार बालाओं द्वारा जमकर डांस किया। इस दौरान दर्शकों द्वारा खूब नोट उड़ाये गये। वीडियो वायरल होने के बाद लोग चर्चा करते नजर आए।
थाना क्षेत्र के सौथरा गांव में रामलीला समाप्त होने के बाद उसी मंच पर बीती रात्रि ग्रामीणों ने चंदा करके रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बार बालाओं ने पूरी रात हिन्दी व भोजपुरी गानों पर जमकर डांस किया।
पूरे कार्यक्रम का किसी युवक ने वीडियो बनाकर रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद यह सवाल उठने लगा कि आखिर बिना परमिशन के रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन कैसे हुआ?
वीडियो वायरल होने के बाद रविवार को ग्रामीण थाना सहायल पहुंचे। उन्होंने बताया कि रामलीला के बाद सभी के सहयोग से रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें किसी भी प्रकार की कोई अश्लीलता नहीं हुई है। वायरल वीडियो में भी कहीं अश्लीलता नहीं दिख रही है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ था।
वीडियो वायरल होने के बाद सहायल के थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि आयोजन के मामले की जानकारी नहीं है, न ही किसी तरह के कोई विवाद की जानकारी हुई है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है।
सुनील
