Sunday, March 29, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडारामभद्राचार्य जी ने किया शौर्य भवन का शिलान्यास

रामभद्राचार्य जी ने किया शौर्य भवन का शिलान्यास

बोले-ईश्वर आशीर्वाद दें भारत अखण्ड बने और शौर्य चलता रहे

तीन हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैले शौर्य भवन के निर्माण पर खर्च होंगे 200 करोड़ रुपए

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। प्रख्यात विद्वान्, प्रवचनकार व जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने शुक्रवार को अयोध्या के समीप गोंडा जिले के महेशपुर ग्राम में श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के दौरान अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले कोठारी बंधुओं की स्मृति में करीब 200 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले शौर्य भवन का शिलान्यास किया। शिलान्यास के अवसर पर आयोजित एक संक्षिप्त किन्तु भव्य कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमें ईश्वर का आशीर्वाद चाहिए कि भारत में शौर्य चलता रहे। हमको अखंड भारत चाहिए और पाक अधिकृत कश्मीर भारत के हाथ में हो। भारत के अखंड राष्ट्र बनने का सपना बहुत जल्द पूरा होने वाला है। हम जो चाहते थे, वह पूरा हुआ। हम चाहते थे कि श्री अयोध्या धाम में राम लला भव्य मंदिर बने। वह पूरा हुआ। अयोध्या में विधर्मियों को एक इंच जमीन न मिली और हमको राम लला मिल गए। अब मेरी एक ही इच्छा शेष है। हमें वह दिन देखना है, जब पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर और चीन द्वारा अनधिकृत रूप से कब्जाया गया 800 वर्ग मील का क्षेत्रफल भारत में मिलकर एक अखंड भारत का निर्माण हो। स्वामी जी ने उपस्थित लोगों को सर्वोच्च न्यायालय में दी गई अपनी गवाही के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जिसको शास्त्र के बारे में कोई ज्ञान नहीं है, असली अंधा वही है। 6 दिसंबर 92 को भगवान श्री राम की प्रेरणा से वह कलंकित ढांचा गिरा था। राम जन्मभूमि बलिदान और वरदान का संदर्भित रूप है। सूर्य शिरोमणि भगवान श्रीराम के नगरी अयोध्या में शौर्य भवन निर्माण की प्रेरणा भगवान ही दे रहे हैं। उन्होंने शौर्य भवन में भगवान श्रीराम की प्रतिमा लगवाने के लिए भी कहा।

रामभद्राचार्य जी ने किया शौर्य भवन का शिलान्यास

इस सम्बंध में विस्तृत जानकारी देते हुए नागपुर से पधारे वरिष्ठ समाजसेवी श्याम सोनी ने बताया कि श्रीराम मंदिर मुक्ति के लिए कारसेवा के दौरान 30 अक्टूबर 1990 को अपने प्राणों की आहुति देने वाले राम कोठारी व शरद कोठारी की स्मृतियों को संजोने के लिए देश भर के संत महंतों के आशीर्वाद व उद्योगपतियों के सहयोग से शौर्य भवन का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में महेशपुर ग्राम पंचायत में अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित करीब तीन हेक्टेयर भूमि पर बनने वाले शौर्य भवन के निर्माण पर करीब 200 करोड़ रुपए की लागत आएगी। देश भर में फैले माहेश्वरी समाज तथा अन्य दानदाताआें के सहयोग से इस धनराशि का प्रबंध कर लिया गया है। इस पुनीत कार्य में सहयोग करने वाले प्रमुख महानुभावों में आदित्य बिड़ला ग्रुप की चेयरपर्सन पद्मश्री राजश्री बिड़ला, श्रीसीमेंट लिमिटेड व बांगड़ सीमेंट के मालिक हरिमोहन बांगड़, सोलर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सत्यनारायण नुवाल, टेग्रोस ग्रुप के चेयरमैन देवकिशन झंवर, प्रसिद्ध व्यवसायी पद्मश्री वंशीलाल राठी, चिकित्सा विज्ञान के मसीहा व कमला ग्रुप आफ कंपनीज (मुम्बई) के चेयरमैन डा. दिगंबर झंवर, रामावतार साबू, अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के पूर्व अध्यक्ष व शौर्य भवन के चेयरमैन रामपाल सोनी, इनलैंड ग्रुप के लक्ष्मी नारायण सोमाणी, संजीव माहेश्वरी (आगरा), शंकर बाहेती (अहमदाबाद), पूनमचंद मालू (नागपुर), श्यामसुंदर काबरा (मुंबई), आनंद बांगड़ (उज्जैन), नंद किशोर मालू (बेंगलुरु), विष्णुकांत भूतड़ा (रायचूर), महेश चंद्र बल्दवा व विजय मानधनिया (हैदराबाद), बंशीलाल राठी (चेन्नई), गोविंद सारडा (कोलकाता), पुरुषोत्तम लोहिया (पुणे), महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम सुंदर सोनी, महामंत्री संदीप काबरा, संगठन मंत्री अजय काबरा, अर्थ मंत्री रामेश्वर काबरा, नंद किशोर लखोटिया, वीरेंद्र भराडिया, गोपी किशन मालाणी (जोधपुर) आदि शामिल हैं।

रामभद्राचार्य जी ने किया शौर्य भवन का शिलान्यास

आगरा से आए वरिष्ठ चार्टर्ड एकाउंटेंट व कोल इंडिया लि. के निदेशक संजीव माहेश्वरी ने बताया कि इस शौर्य भवन में दो बड़े सत्संग भवन व एक लाख पुस्तकों की क्षमता वाला पुस्तकालय भी बनाया जाएगा। सत्संग भवन में 24 घंटे प्रभु श्रीराम का भजन व श्रीरामचरित मानस का पाठ होता रहेगा। भवन की दीवारों पर कोठारी बंधुओं के जीवन काल से जुड़ीं यादों का चित्रण होगा। इस शौर्यभवन में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त धर्मशाला का निर्माण भी कराया जाएगा, जिसमें वातानुकूलित व गैर वातानुकूलित 400 कमरे बनाए जाएंगे। विशिष्ट व्यक्तियों के ठहरने के लिए अलग से विशेष कक्ष बनाए जाएंगे। दो भोजनालय का निर्माण भी होगा, जिसमें बड़े उद्योगपतियों के सहयोग से हमेशा भंडारा चलेगा। इस मौके पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास जी महाराज, महामंत्री चंपत राय, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद गिरी जी महाराज, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, अयोध्या नगर निगम के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा, भोलानाथ मिश्र, दिवाकर सोमानी, गोविंद जी, शरद सोमानी आदि उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की तरफ से एसडीएम, सीओ व नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular