– अयोध्या में मुख्यमंत्री ने भाजपा को जिताने की अपील की
– छह वर्ष में धारणा बदलने में सफल हुआ यूपी
बोले- अयोध्या जितनी सुंदर, भारत के बारे में उतनी ही अच्छी धारणा बनेगी
अयोध्या(हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या से कोई रामभक्त लोकतंत्र के इस पर्व में विजयी होकर जाता है तो यहां के बारे में अच्छी धारणा बनती है, पर जब रामभक्तों पर गोली चलाने वाला व्यक्ति कुछ भी वोट पा लेता है तो उसका बहुत खराब संदेश जाता है। लोगों के मन में धारणा जाती है कि यह सब क्या हो रहा है। यह लोकतंत्र का पर्व है, सबको एक वोट देना है। किसी का वोट छोटा-बड़ा नहीं है। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि यहां 60 वॉर्ड हैं। 60 टोली बनाकर अपने बीच के मेयर उम्मीदवार महंत गिरीश पति त्रिपाठी व बोर्ड बनाने के लिए जनता से अपील कर दीजिए। अयोध्या हमारी है और इसके प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मणिरामदास छावनी के सभागार में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के महापौर प्रत्याशी गिरीश पति त्रिपाठी के पक्ष में आयोजित सन्त, महन्त के साथ प्रबुद्ध लोगों के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
अयोध्या को विकास के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाएंगे
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या को हम विकास के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाएंगे। अयोध्या पर देश दुनिया की नजर है, इसलिए यहां सर्वांगीण विकास के लिए सशक्त बोर्ड का गठन होना आवश्यक है। जब सशक्त बोर्ड गठित होगा तो विकास तीव्र होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया में भारत के प्रति धारणा बदली है। वैश्विक संकट के समय दुनिया अब पीएम मोदी की ओर संकटमोचक के रूप में देखती है, ऐसे में यूपी किंकर्तव्यविमूढ़ की स्थिति में नहीं रह सकता।
दीपोत्सव हमें त्रेतायुग का अनुभव करवाता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से लगातार हम सभी दीपोत्सव के कार्यक्रम में भागीदार बनते हैं। विगत वर्ष पीएम ने उपस्थित होकर इसे नई ऊंचाइयां दीं। दीपोत्सव हमें त्रेतायुग की ओर ले जाता है। दुनिया अयोध्या आने के लिए लालायित रहती है। इस वर्ष रामनवमी में ही 35 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे थे। जनवरी में जब प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण पूरा होगा तो एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु आएंगे। नगर निगम में मजबूत बोर्ड होना चाहिए। अयोध्या जितनी अच्छी, सुंदर, स्वच्छ होगी, उतनी ही अच्छी धारणा सनातन धर्म, पूज्य संतों, तीर्थस्थल व भारत के बारे में देश-दुनिया में जाएगी।
अयोध्या कोई भी आए, आकर्षित होकर जाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन से उनकी तीन पीढ़ियां जुड़ी हैं। वह खुद भी आत्मिक भाव से सर्वाधिक समय अयोध्या को देते हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या से उनका विशेष लगाव है। पिछले बोर्ड ने अच्छा करने का प्रयास किया। पूज्य संतों के बीच से कोई जाए और हमारे बोर्ड का नेतृत्व संतों के बीच से ही हो, इसलिए महंत गिरीशपति त्रिपाठी को चुनाव में उतारा है। अयोध्या कोई भी आए, आकर्षित होकर जाए।
हमने अयोध्या के विकास को नई ऊंचाई दी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सूर्यवंश की राजधानी होने के नाते हम इसे सोलर सिटी बनाने जा रहे हैं। अयोध्या में पहले हमने नगर निगम बनाया, क्योंकि इसे स्मार्ट व सेफ सिटी के रूप में विकसित किया जा सके। फिर जनपद, कमिश्नरी का नाम बदला। अब इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन रहा है। देश या दुनिया में कहीं भी जाने के लिए अब अयोध्या से ही आप किसी भी कोने में जा सकेंगे। इस चुनाव के बाद सर्वे का कार्य प्रारंभ करेंगे। तीन वर्ष पहले हमने कोरिया की पहली महिला को दीपोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मान किया था। दक्षिण कोरिया की रानी अयोध्या की राजकुमारी थीं।
कार्यक्रम में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष व मणिरामदास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास,दिगम्बर अखाड़ा महंत सुरेश दास , श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय, हनुमानगढ़ी के महन्त धर्मदास ,बड़े भक्तमाल महन्त अवधेश दास , रंग महल महन्त रामशरण दास ,राम हर्षण कुंज महन्त अयोध्या दास ,ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा महन्त ज्ञानी गुरजीत सिंह, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, निवर्तमान महापौर ऋषिकेश उपाध्याय आदि भारी संख्या में प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।
पवन /बृजनंदन
