मेरठ (हि.स.)। रामपुर लोकसभा सीट के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर आसिम राजा चुनाव लड़ेंगे। सोमवार को सपा नेता आजम खां ने खुद उनके नाम का ऐलान किया। कांग्रेस का कोई प्रत्याशी न होने से अब भाजपा प्रत्याशी घनश्याम लोधी का मुकाबला सपा प्रत्याशी आसिम राजा से होगा।
रामपुर सदर विधानसभा सीट से विधायक बनने के बाद आजम खां ने लोकसभा सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था। अब रामपुर लोकसभा सीट पर उप चुनाव हो रहा है। पहले आजम खां की पत्नी तंजीन फातिमा के सपा टिकट पर चुनाव लड़ने की प्रबल संभावना जताई जा रही थी, लेकिन सोमवार को आजम खां ने आसिम राजा को सपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ाने का ऐलान कर दिया। आजम खां के बहुत करीबी आसिम राजा के सामने भाजपा ने घनश्याम लोधी को प्रत्याशी बनाया है।
कांग्रेस ने रामपुर और आजमगढ़ सीटों पर अपने प्रत्याशियों को चुनाव नहीं लड़ाने का ऐलान किया है। इससे पहले बसपा भी रामपुर में अपना प्रत्याशी उतारने से इनकार कर चुकी है। सपा के रामपुर शहर अध्यक्ष आसिम राजा को आजम खां का बहुत करीबी माना जाता है। उनके नाम की घोषणा खुद आजम खां ने की है। सपा नेतृत्व ने आजम खां को प्रत्याशी का ऐलान करने का मौका देकर जताया है कि उनका पार्टी में अभी भी महत्वपूर्ण स्थान है। आजम खां ने पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से आसिम राजा को चुनाव जिताने का आह्वान भी किया।
भाजपा प्रत्याशी घनश्याम लोधी का नामांकन कराने के लिए केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह भी रामपुर पहुंचे। इसके बाद सोमवार को भाजपा प्रत्याशी घनश्याम लोधी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इसके बाद सपा प्रत्याशी ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। ऐसे में अब सपा और भाजपा प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होगा। रामपुर लोकसभा के उप चुनाव के लिए 23 जून को मतदान होगा।
कुलदीप
