रामपुर । जिले के बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने आढ़त पर बैठे गल्ला व्यापारी से तमंचे के बल पर 25 लाख रुपये लूट लिए। लूट की यह घटना मुहल्ला शिवबाग मंडी निवासी वीरेंद्र कुमार जैन के साथ हुई। वह गल्ला व्यापारी हैं। घर के नीचे ही आढ़त है। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह आढ़त पर बैठे थे। नौकर विक्रम भी वहां मौजूद था। इसी दौरान नकाबपोश चार-पांच बदमाश हथियार लेकर अंदर आ गए। बदमाशों ने गल्ला व्यापारी और नौकर पर तमंचे तान दिए। व्यापारी से अलमारी की चाबी लेकर उसमें रखा कैश लूटकर बदमाश फरार हो गए। बदमाशों के जाने पर व्यापारी ने शोर मचाया। तब आसपास के व्यापारियों को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को बताया कि दुकान में करीब 25 लाख का कैश रखा था। इसमें पांच लाख रुपये कुछ देर पहले ही नौकर को भेजकर स्टेट बैंक की शाखा से निकलवाए थे। दुकान में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। लेकिन, पुलिस को उसकी रिकार्डिंग नहीं मिल सकी। बदमाश उसका डीवीआर भी साथ ले गए। बिलासपुर कोतताली प्रभारी बृजेश कुमार यादव ने बताया कि जांच चल रही है। बदमाश बैंक से ही नौकर के पीछे लगे हो सकते हैं। बैंक के सीसी कैमरों की जांच कराई जाएगी। इसके अलावा रास्ते में जहां-जहां भी कैमरे लगे हैं, उनकी रिकार्डिंग चेक कराई जाएगी।
रामपुर : नकाबपोश बदमाशों ने गल्ला व्यापारी से लूटे 25 लाख रुपये
RELATED ARTICLES
