– मंगलवार की देर शाम नहाते समय राप्ती नदी में डूब गए थे
– डूबे पांच छात्रों मे से ग्रामीणों ने तीन को बचा लिया था
– बीफार्मा के छात्र हैं डूबने वाले छात्र
गोरखपुर (हि.स.)। गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र के बड़गहन के पास से गुजरने वाली राप्ती नदी में मंगलवार की देर शाम डूबे दो छात्रों की तलाश दूसरे दिन भी जारी है। बुधवार की सुबह से ही इनकी तलाश शुरू कर दी गई है। मंगलवार को काफी रात तक इनकी तलाश होती रही, लेकिन छात्रों का पता नहीं चल सका था। इसलिए इनकी तलाश बंद कर दी गई थी। नहाने गए पांचों छात्र गीडा स्थित ताहिरा कालेज के थे जिनमें से दो राप्ती नदी में डूब गए थे। तीन को ग्रामीणों ने बचा लिया था।
गीडा स्थित ताहिरा कालेज में बीफार्मा की पढ़ाई होती है। कालेज के पांच छात्र 22 वर्षीय आफताब रजा पुत्र सिकन्दर अली निवासी भैंसा बाजार थाना बांसगांव, 23 वर्षीय पवन मझवार पुत्र राम कृपाल निवासी पिपरी गीडा, 23 वर्षीय देवेंद्र प्रताप पुत्र जगदीश निवासी एकवा थाना खजनी, 21 वर्षीय अश्वनी मझवार पुत्र लक्ष्मी नारायण निवासी आनन्दनगर थाना फरेंदा, जिला महराजगंज मंगलवार की शाम के 5 बजे बड़गहन गांव के पास स्थित राप्ती नदी में नहाने गए थे। पांचों छात्र नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। छात्रों को डूबता देख कुछ दूरी पर मौजूद ग्रामीणों ने नदी में कूदकर तीन छात्रों को पानी से बाहर निकाल लिया था, लेकिन दो छात्र आफताब रजा तथा पवन मझवार का पता नहीं चल सका। बुधवार की सुबह से फिर इनकी खोजबीन शुरू हुई है। समाचार लिखे जाने तक इनका पता नहीं चल सका है।
आमोद
