–दो टॉपरों ने छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा के तैयारी की दी जानकारी
प्रयागराज (हि.स.)। रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर, प्रयागराज में प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय के निर्देशन में बुधवार को “बोर्ड की परीक्षा और हमारा लक्ष्य“ विषय पर बोर्ड के परीक्षार्थियों के लिए एक सेमिनार का आयोजन किया गया। जिसमें पुरातन छात्र शुभम सक्सेना एवं अनुराग त्रिपाठी जो विद्यालय के टॉपर रहे हैं, विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा में किस प्रकार से तैयारी करें कि हमें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में आसानी हो, अपने-अपने विचार रखे।
शुभम सक्सेना ने छात्र-छात्राओं से कहा कि आप अपनी समय सारणी निर्धारित कीजिए और उससे अलग मत होइए। कम से कम 6-7 घंटे अध्ययन जारी रखिए समस्या का समाधान अपने टीचर से कराइए। इस प्रकार लक्ष्य प्राप्त करने में हमें आसानी होगी। इसी प्रकार अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि सभी छात्र-छात्राओं को अपना लक्ष्य निश्चित रूप से निर्धारित करना चाहिए और उसके अनुरूप कार्य करना चाहिए। हमें प्रातःकाल उठ कर स्वाध्याय करना चाहिए तब हम अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।
तत्पश्चात् हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने माइक पर आकर अपने सहपाठियों के समक्ष अपना लक्ष्य निर्धारित किया। इस कार्यक्रम से बोर्ड की परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह जागृत हुआ। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय ने छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि “ध्येय का अंतिम शिखर दिखने लगा है, पग बढ़ाएं“ इन पंक्तियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को लक्ष्य तक पहुंचने का तरीका विस्तार से बताया। संचालन सत्य प्रकाश पांडेय ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापक, अध्यापिकाएं एवं छात्र उपस्थित रहे।
