बिजनौर ( हि.सं.)। नजीबाबाद क्षेत्र में आदमखोर गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर से सटे ग्राम दरियापुर में गुलदार ने खानाबदोश परिवारों पर हमला बोल दिया, जिसमें एक दर्जन के करीब घायल हो गए। घटना रात्रि में लगभग ढाई से तीन बजे के बीच की है, जहां गुलदार आने की सूचना से हड़कंप मचा रहा। घटना की सूचना देेने के लिए वन विभाग के अधिकारियों को फोन किया गया लेकिन उन्होंने फोन उठाना गंवारा नहीं समझा। जानकारी के अनुसार जंगल से आए गुलदारों ने दरियापुर में डेरा डाल कर रह रहे खानाबदोशों और कई मकानों में सोते हुए लोगों पर हमला बोल कर घायल कर दिया। कुछ लोगों ने गुलदार का पीछा किया तो उनको भी घायल कर दिया।
गांव में गुलदार ने दहशत फैला दी। रात्रि में ही लोग जाग गए। गुलदार के हमले में गोलू पुत्र उदय राज 12वर्ष, रिंकी पुत्री मंजिला 10वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए बाहर ले जाया गया। गुलदार ने उनकी आंख पर हमला बोला था। इनके अलावा सीता राम पुत्र सरजू, रूबी पुत्री राजू, राम समूज पुत्र छोटे, अनीस पुत्र प्रेम कुमार, हैदर पुत्र शाहिद, सतीश पुत्र मन्ने, रागनी पुत्री रामसमूज,सतपाल पुत्र फकीरा आदि सहित 10लोगों पर हमला बोल कर घायल कर दिया। खानाबदोश के डेरे पर उनके पालतू कुत्ते ने अपने मालिक को बचाने की कोशिश की तो गुलदार ने कुत्ते को भी मौत के घाट उतार दिया।
सूचना मिलते ही एसडीएम रम्या आर, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, नायब तहसीलदार सिद्धार्थ चावला, हल्का लेखपाल गोविंद सिंह, ग्राम प्रधान धूम सिंह मौके पर पहुंचे और हालत का जायजा लिया। उन्होंने घायलों के इलाज की व्यवस्था कराई। इसके साथ ही खानाबदोश लोगों को जो डेरा डाल कर रह रहे हैं उन्हें सुरक्षित स्थान एमजी एम इंटर कॉलेज पहुंचाने की व्यवस्था कराई जा रही है। इतना सब कुछ होने पर समाचार दिए जाने तक वन विभाग के अधिकारियों ने न तो फोन रिसीव किया और न ही घटना स्थल पर पहुंचना जरूरी समझा। गांव में गुलदार की दहशत से लोगों में भय का माहौल व्याप्त है।
नरेन्द्र/सियाराम
