Wednesday, February 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराज्य सरकार कामगारों-श्रमिकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील : योगी...

राज्य सरकार कामगारों-श्रमिकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील : योगी आदित्यनाथ

-कहा आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के माध्यम से किया जाए लाभान्वित 

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार कामगारों तथा श्रमिकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने प्रवासी कामगारों तथा श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इन्हें आयुष्मान भारत योजना तथा मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के माध्यम से लाभान्वित किया जाए।
मुख्यमंत्री शनिवार को यहां अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में श्रमिकों एवं कामगारों के हिता के लिए की जा रही कार्यवाही की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कामगारों और श्रमिकों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा तथा उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा ‘उत्तर प्रदेश कामगार और श्रमिक (सेवायोजन एवं रोजगार) आयोग’ गठित किया गया है। उन्होंने आयोग की संस्तुतियों एवं निर्णयों के क्रियान्वयन की जनपद तथा मण्डल स्तर पर नियमित रूप से साप्ताहिक एवं पाक्षिक समीक्षा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कामगारों एवं श्रमिकों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित करते हुए उन्हें योग्यता व क्षमता के अनुरूप कार्य उपलब्ध कराया जाए। रोजगार उपलब्ध कराने में एमएसएमई सेक्टर सहित ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना, ‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना’ जैसी योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। 
इस सेक्टर व योजनाओं के माध्यम से कामगारों-श्रमिकों को व्यापक पैमाने पर रोजगार प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने इस कार्य को और गति प्रदान किए जाने के निर्देश दिए।
 Submitted By: Sanjay Singh Fartyal Edited By: Deepak Yadav

RELATED ARTICLES

Most Popular