कोलकाता (हि. स.)। बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के हारे हुए स्टार उम्मीदवारों की सुरक्षा से केंद्रीय बल हटा लिया गया है। हालांकि सितारों के करीबी सूत्रों ने दावा किया है कि उन्होंने खुद केंद्रीय सुरक्षा खुद छोड़ दी है। इधर, इस मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा का उपहास उड़ाया है। वहीं, भाजपा ने कहा है कि चुनाव खत्म हो गया है, इसलिए सुरक्षा हटा ली गई है।
दरअसल विधानसभा चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में बांग्ला फिल्मी सितारों ने भाजपा का दामन थामा था। इनमें तनुश्री चक्रवर्ती, श्राबंती चटर्जी, पायल सरकार, रुद्रनील घोष, पापिया अधिकारी आदि प्रमुख नाम हैं। इसके बाद इन लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए केंद्रीय बल के जवानों को लगाया गया था। विधानसभा चुनाव में ज्यादातर स्टार उम्मीदवार हार गए हैं। अब इन स्टार उम्मीदवारों की केंद्रीय सुरक्षा हटा दी गई है। सितारों को सूचित किया गया है कि यदि उन्हें केंद्रीय सुरक्षा की आवश्यकता महसूस होती है, तो वे इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
भाजपा सूत्रों ने दावा किया कि जो लोग विधानसभा चुनाव जीते हैं, उन्हें केंद्रीय सुरक्षा दी गई है। हालांकि, अभिनेत्री तनुश्री चक्रवर्ती ने सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। उनके करीबी सूत्रों के मुताबिक तनुश्री अब घर पर हैं, इसलिए सुरक्षा गार्ड वापस चला गया। श्राबंती चटर्जी से भी फोन पर संपर्क नहीं हो सका। उनके करीबी सूत्रों के मुताबिक, श्राबंती लॉकडाउन में इस समय घर पर हैं। इसलिए उन्होंने केंद्रीय सुरक्षा गार्ड को छोड़ दिया।
इधर, भाजपा के हारे हुए हुए स्टार उम्मीदवारों की केंद्रीय सुरक्षा हटाने पर तृणमूल सांसद सौगत राय ने तंत कसते हुए कहा है कि अब सितारों का काम खत्म हो गया है। उन्हें समझना चाहिए कि भाजपा कैसी पार्टी है। वहीं, दूसरी ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता समिक भट्टाचार्य ने कहा है कि चुनाव खत्म हो गया है। इसलिए सुरक्षा हटाई गई है।
राज्य : विधानसभा चुनाव में हारे भाजपा उम्मीदवारों की केन्द्रीय सुरक्षा हटी
RELATED ARTICLES
