भुवनेश्वर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान यास की लैंडफाल की प्रक्रिया बुधवार सुबह शुरु हो गई है । धामरा के उत्तर व बालेश्वर के दक्षिण में तूफान यास की लैंडफाल की प्रक्रिया जारी है । यह प्रक्रिया तीन- चार घंटे तक चलेगी। आईएमडी के महानिदेशक डा मृत्युंजय महापात्र ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि लैंडफाल वाले इलाके में 130 से 140 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल रही है। 150 किमी प्रति घंटे के रफ्तार से झोंका आ सकता है।
उधर, विशेष राहत कमिशनर प्रदीप्त जेना ने बताया कि लगभग सुबह 9 बजे के आसपास यास की लैंडफाल की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीद की जा रही है कि दोपहर 01 बजे तक यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि निलगिरी व बाहानगा में लैंडफाल की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद तूफान मयुरभंज जिले में नुकसान करेगा। वहां 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है।
उन्होंंने बताया कि तूफान के कारण राज्य में भारी बारिश रिकॉर्ड की गयी है। पिछले 24 घंटे में मयुरभंज जिले के कुसुमी में सर्वाधिक 303 मिमी बारिश रिकार्ड की गयी।
