मेरठ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य राखी त्यागी ने बुधवार को सर्किट हाउस में जनसुनवाई करके महिलाओं की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि महिलाएं मुसीबत का मुकाबला निडरता व साहस से करें। सरकार उनके साथ है।
सर्किट हाउस में जनसुनवाई करते हुए राज्य महिला आयोग की सदस्य राखी त्यागी ने कहा कि महिलाएं अपने ऊपर हो रहे उत्पीड़न को बर्दाश्त न करें, बल्कि उसका डटकर सामना करें। सदस्य के सम्मुख 14 महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखी, जिस पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
राखी त्यागी ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा हेतु महिला आयोग का गठन किया गया है। महिलाओं को समाज में पुरुषों के समान अधिकार प्राप्त है इसलिए वह अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। महिलाएं सरकार द्वारा संचालित महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेन्टर पर आवश्यकता होने पर मदद लें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि महिलाओं को न्याय व मदद समय पर मिलनी चाहिए। महिलाओं की सहायता के लिए महिला आयोग द्वारा वाट्सऐप नम्बर 06306511708 जारी किया गया है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मवाना का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां आवासित 79 बालिकाओं से उनकी शिक्षा, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद आईआईएमटी विश्वविद्यालय में लगे रोजगार मेले में जाकर महिला अभ्यर्थियों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अजीत कुमार आदि उपस्थित रहे।
