लखनऊ(हि. स.)। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश के प्रभारी सांसद संजय सिंह ने कहा कि एक आरटीआई से खुलासा हुआ है कि राज्य पेयजल स्वच्छता मिशन जो करोड़ो रुपये का कार्य कर रहा है, उसका पंजीकरण ही नहीं है।
उन्होंने पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि उक्त विषय को लेकर हमारे पार्टी के नेता वैभव माहेश्वरी ने लोकायुक्त से शिकायत की थी और आज लोकायुक्त ने इस विषय पर एक नोटिस जारी कर प्रमुख सचिव आलोक कुमार से जवाब मांगा है।
गैर पंजीकृत संस्था के नाम पर मनमाने ढंग से काम हुए और अब मैं मांग करता हूं कि इसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
आम आदमी पार्टी ने तीन प्रमुख बिंदु रखे हैं, जिसमें नंबर वन मिशन का पंजीकरण नहीं है। दूसरा बिंदु जब रेड को लेकर खुलासा हुआ तो उन्होंने जल निगम को पत्र लिखा जिसकी जानकारी किसी को नहीं दी। तीसरा बिंदु यह है कि जब विभिन्न जिलों के 3 अधिशासी अभियंताओं ने जवाब मांगा तो उन्होंने ठेका आवंटन की दर को ओपन करा दिया।
