गुजरात के तटीय क्षेत्रों से 1.5 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
– मुंबई और आसपास के इलाकों में तेज बारिश से कई क्षेत्रों में भारी जलभराव
– प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र व गुजरात के सीएम से बात कर हालात की ली जानकारी
नेशनल न्यूज रूम
नई दिल्ली/ मुंबई/अहमदाबाद (हि.स.)। अरब सागर से उठा चक्रवाती तूफान ताउते केरल, कर्नाटक एवं गोवा के तटीय इलाकों में तबाही मचाने के बाद अब भीषण रूप ले चुका है। इसके सोमवार रात 11 बजे के आसपास गुजरात के तटीय इलाकों से टकराने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 160-165 किमी प्रतिघंटा या इससे अधिक रह सकती है। इस बात की भी संभावना जताई जा रही है कि यह तूफान गुजरात के तटीय क्षेत्रों से टकराने के बाद और अधिक गति से आगे बढ़ेगा और पाकिस्तान के तटीय इलाकों से टकराकर भारी तबाही मचा सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक तूफान ताउते के गुजरात के तटीय जिलों- भावनगर, अम्रेली, जूनागढ़ और पोरबंदर से रात 11 बजे के आसपास टकराने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 160-165 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है। अपराह्न एक बजे के आसपास यह तूफान मुंबई तट से 120-140 किलोमीटर दूर से होते हुए 15-20 किलोमीटर की रफ्तार से गुजरात के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा था। गुजरात और ‘दमन एवं दीव और दादरा नगर हवेली’ के तटीय इलाकों के लिए रेड अलर्ड जारी किया गया है। तूफान के कारण सोमवार से लेकर मंगलवार शाम तक गुजरात के अधिकतर क्षेत्रों में मध्यम से भारी या बहुत भारी बारिश हो सकती है। गुजरात तट से टकराने के दौरान इसकी गति 160 से 165 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। आईएमडी की इस चेतावनी के मद्देनजर गुजरात के तटीय इलाकों से 1.5 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
महाराष्ट्र सरकार की ओर से तूफान से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एऩडीआरएफ) की टीमों ने निचले तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। ताउते के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में सोमवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं। पश्चिम रेलवे ने 52 से अधिक ट्रेनें निरस्त कर दी हैं। एहतियात के तौर पर शहर में मोनोरेल सेवा को दिनभर के लिए निलंबित किया गया है। मुंबई और आसपास के इलाकों में वर्षाजनित हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई है।
मालाड के मढ़ इलाके में समुद्र में नौका डूब गई। यहां एक मछुआरे की मौत हो गई है और 4 मछुआरे लापता हो गए हैं। इसी बीच बॉम्बे हाई ऑयल फील्ड के पास एक छोटे जहाज पर कुल 273 लोग फंसे हुए थे, जबकि एक दूसरे जहाज पर 137 लोग फंसे हुए थे। इन लोगों को बचाने का प्रयास जारी है। तेज हवाओं के मद्देनजर बांद्रा-वर्ली सी-लिंक को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है और लोगों को वैकल्पिक मार्ग के इस्तेमाल की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के इलाकों में अगले कुछ घंटों तक मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी दी है।
महाराष्ट्र सरकार के अनुसार रायगढ़, रत्नागिरि और सिंधुदुर्ग जिले के तटीय क्षेत्रों के 12,420 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें रायगढ़ के 8,380, रत्नागिरि के 3,896 और सिंधुदुर्ग के 144 लोगों का समावेश है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि चक्रवात के कारण कोरोना मरीजों का इलाज प्रभावित ना हो। मुंबई, ठाणे एवं पालघर में ऑरेंज अलर्ट और रायगढ़ जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। बीस सेंमी से अधिक बारिश के अनुमान पर रेड अलर्ट जारी किया जाता है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की महापौर किशोरी पेडणेकर ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर अधिकारियों को सतर्क रहने का आदेश दिया है।
