Tuesday, February 10, 2026
Homeराज्यराज्य : कोरोना मरीजों के परिजनों से ऑनलाइन ठगी में 'जामताड़ा गैंग'...

राज्य : कोरोना मरीजों के परिजनों से ऑनलाइन ठगी में ‘जामताड़ा गैंग’ पकड़ाया

नई दिल्ली (हि.स.)। मध्य जिले के करोल बाग थाना पुलिस ने कोरोना मरीजों के परिजनों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह का मास्टमाइंडर झारखंड के जामताड़ा से ऑनलाइन ठगी के गुर सीखकर आया था और अपने साथियों के साथ लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया करवाने के नाम पर ठगी कर रहा था। ‘जामताड़ा गैंग’ लोगों को बैंक एजेंट बनकर फोन कर उनके खाते से रकम ट्रांसफर करने के लिए विख्यात है।  
इस संबंध में बीती तीन मई को कशीजीत मेहरा ने शिकायत दर्ज करवाई थी। उन से करीब साढ़े 47 हजार रूपए की ठगी की गई थी। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान मास्टर माइंड गुरूग्राम निवासी 24 साल के रविश उर्फ अबीराम, 23 साल का मोहम्मद आरजू उर्फ साहिल, 27 साल के योगेश सिंह, फरूखाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी 19 साल का रितिक सिंह के तौर पर की गई है। रितिक बिहार और योगेश मूलरूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस ने ठगी के 24,6450 रुपए जब्त किये हैं, जो विभिन्न बैंक खातों में जमा हैं। इन आरोपितों के 16 बैंक खातों की जानकारी पुलिस को मिली है।

जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर जब जांच शुरू की गई तो पता चला कि रितिक इस वारदात के पीछे है। फरूखाबाद में छापामारी कर रितिक को सात मई को गिरफ्तार किया गया। उससे की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मास्टर माइंड समेत दोनों अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि इस गिरोह का मास्टर माइंड रविश झारखंड के जामताड़ा जिले से ठगी का गुर सीख कर आया है। पहले तो गिरोह भोलेभाले लोगों को बैंक खाता खोलने के नाम पर ठगी करते थे, लेकिन जब आरोपितों को पता चला कि इन दिनों कोरोना महामारी की वजह से ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग बढ़ गई है तो आरोपितों ने उनके रिश्तेदारों और जानकारों को सिलेंडर उपलब्ध करवाने के नाम पर ठगी करने लगे। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चार मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 13 आधार कार्ड, 8 पैन कार्ड, कई बैंकों के एटीएम और तीन दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। इन आरोपितों ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के 20 लोगों के साथ मई के पहले ही सप्ताह में ठगी कर ली थी, जब कोरोना का खतरा सबसे अधिक था।

RELATED ARTICLES

Most Popular