बेंगलुरु (हि.स.)। कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने राज्य सत्ता के नेतृत्व में परिवर्तन की लगाई जा रही अटकलों को निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नेतृत्व परिवर्तन की कोई पहल नहीं हो रही है। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष कतील ने शनिवार को मीडियाकर्मियों से कहा कि मुख्यमंत्री येदियुरप्पा राज्य के सर्वसम्मत नेता हैं और वह अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। कतील ने पार्टी विधायकों को कोरोना पीड़ितों की मदद के अलावा किसी अन्य गतिविधि में शामिल नहीं होने का निर्देश दिया है। उन्होंने कोरोना महामारी के बीच विधायक दल की बैठक आयोजित करने की किसी भी संभावना से भी इन्कार किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य के पर्यटन मंत्री सीपी योगेश्वर से अपने असंतोष को सार्वजनिक करने पर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ विधायक एसआर विश्वनाथ भी ऐलान कर चुके हैं कि येदियुरप्पा अगले विधानसभा चुनाव तक पद पर बने रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि पर्यटन मंत्री योगेश्वर और अरविंद बेलाड सहित भाजपा के कई विधायकों के नई दिल्ली दौरे से लौटने के बाद येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाने की अटकलों ने जोर पकड़ा था।
राज्य : कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें निराधार : भाजपा
RELATED ARTICLES
