– 900 बेड की सुविधा वाले अस्पताल में तैनात की गई 169 चिकित्सा कर्मियों की टीम
– इसके अलावा तीन सदस्यीय लॉजिस्टिक सपोर्ट टीम भी अस्पताल को उपलब्ध कराई गई
सुनीत निगम
नई दिल्ली (हि.स.)। अहमदाबाद के धन्वंतरी कोविड केयर अस्पताल में भारतीय नौसेना ने गुरुवार को चिकित्सा कर्मियों की संख्या में बढ़ोतरी की है। 900 बेड की सुविधा वाले इस कोविड केयर अस्पताल में नौसेना ने पहले 79 चिकित्सा कर्मियों की टीम तैनात की थी, लेकिन अब यहां जरूरतों को देखते हुए विभिन्न नौसेना स्टेशनों से 90 कर्मियों को भेजा गया है। इस तरह अब अस्पताल में नौसेना ने कुल 169 चिकित्सा कर्मियों की टीम तैनात की है।
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ), गुजरात विश्वविद्यालय और राज्य सरकार द्वारा गुजरात विश्वविद्यालय कन्वेंशन और प्रदर्शनी केंद्र में संयुक्त रूप से स्थापित धन्वंतरि कोविड केयर अस्पताल 24 अप्रैल को शुरू किया गया था। इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 900 बेड की सुविधा वाले इस कोविड केयर अस्पताल का निरीक्षण किया था। शुरुआत में यहां नौसेना ने 79 चिकित्सा कर्मियों की टीम तैनात की थी लेकिन अब यहां जरूरतों को देखते हुए विभिन्न नौसेना स्टेशनों से 90 कर्मियों को भेजा गया है। इस तरह अब अस्पताल में नौसेना ने कुल 169 चिकित्सा कर्मियों की टीम तैनात की है।
कोविड केयर अस्पताल ने विभिन्न नौसेना स्टेशनों से भेजे गए चिकित्सा कर्मियों में एनेस्थेसियोलॉजिस्ट, चिकित्सक, चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल स्टाफ शामिल है। टीम के सभी सदस्य अपने-अपने संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ हैं और बेहतर अनुभव रखते हैं। साथ ही ये सभी कोविड देखभाल प्रोटोकॉल से अच्छी तरह से वाकिफ हैं। तैनात किये गए इन कर्मियों की टीम में बैटल-फील्ड नर्सिंग असिस्टेंट (बीएफएनए) भी शामिल हैं जो गैर-चिकित्सा कर्मी हैं, लेकिन ये विशेष रूप से रोगी की देखभाल करने के सभी कार्यों में चिकित्सीय सहायता के लिए प्रशिक्षित किए गए हैं।
इसके अलावा तीन सदस्यीय लॉजिस्टिक सपोर्ट टीम भी अस्पताल को उपलब्ध कराई गई है जो हॉस्पिटल के प्रशासन की देखरेख करेगी। यह दल सुनिश्चित करेगा कि सहायक अस्पताल के कार्यों पर अच्छी तरह से ध्यान दिया जाए और चिकित्साकर्मी प्रभावी ढंग से तथा कुशलता से रोगियों की देखभाल कर सकें।
