Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराज्यसभा के शून्यकाल में सांसद संजय सिंह उठाएंगे बलवंत सिंह का मामला

राज्यसभा के शून्यकाल में सांसद संजय सिंह उठाएंगे बलवंत सिंह का मामला

– पुलिस हिरासत में बलवंत की बेरहमी से पिटाई के बाद हो गई थी मौत

कानपुर देहात (हि.स.)। जनपद में पुलिस हिरासत में युवक की मौत का मामला लगातार राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के मृतक के घर पहुंचने के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह इस मामले को राज्यसभा के शून्य काल में उठाएंगे। इसके लिए उन्होंने राज्यसभा अध्यक्ष से समय मांगा है।

जनपद में बीते दिनों पुलिस हिरासत में बलवंत सिंह की मौत हो गई थी। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले को दबाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन यह मामला दिन-पे-दिन तूल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ जहां सत्ताधारी मंत्री, सांसद और विधायक पीड़ित की मदद करने के लिए आगे आ रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ कार्यवाही से असंतुष्ट मृतक बलवंत के परिवार विपक्ष से न्याय दिलाने की मांग कर रहा है। इसी कड़ी में अब आप पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी इस मामले को राज्य सभा के शून्य काल में उठाने के लिए राज्यसभा अध्यक्ष से समय मांगा है।

सांसद संजय सिंह ने अपने पत्र में साफ कहा है कि बीते दो वर्षों से उत्तर प्रदेश पुलिस हिरासत में मौत के मामले में देश का नम्बर एक प्रदेश बन गया है। जिसको लेकर वह इस मामले को राज्यसभा में उठाना चाहते हैं।

एक दिन पूर्व सोमवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मृतक बलवंत के पीड़ित परिजनों से मिलने कानपुर देहात पहुंचे थे। एक घण्टे की मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया के सामने मौजूदा सरकार पर कई सवाल खड़े किए और उत्तर प्रदेश को पुलिस हिरासत में मौत के मामले में देश का नम्बर एक प्रदेश बताया था। उनके बाद इस मामले को लेकर सत्ता पक्ष को घेरने के लिए आप सांसद भी आगे आ गए हैं।

अवनीश

RELATED ARTICLES

Most Popular