लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने जनपद गाजियाबाद के मुरादनगर में छत गिरने की घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मण्डलायुक्त, मेरठ एवं एडीजी, मेरठ जोन को घटना के सम्बन्ध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।
गाजियाबाद के जिलाधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय ने बताया कि मौके पर राहत कार्य चल रहा है, जिसमें स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ की टीम भी लगी हुई है। हालांकि बारिश होने के कारण बचाव कार्य में व्यवधान पड़ रहा है लेकिन एनडीआरएफ की टीम पुलिस तत्परता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मरने वालों की पहचान की जा रही है और उनके आश्रितों की हर संभव मदद की जाएगी।
