Tuesday, March 31, 2026
Homeस्वास्थ्यराज्यपाल ने केजीएमयू के नवनिर्मित ट्रांसिट नर्सेज छात्रावास का उद्घाटन किया

राज्यपाल ने केजीएमयू के नवनिर्मित ट्रांसिट नर्सेज छात्रावास का उद्घाटन किया

जब आवास की सुविधा प्राप्त होती है तो परिवार को प्रसन्नता होती है

हाॅस्टल सुविधा मिलने से नर्सेज अपनी सेवाएं और बेहतर ढंग से दे सकेंगी : ब्रजेश पाठक

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को लखनऊ स्थित किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के नवनिर्मित ट्रांसिट नर्सेज छात्रावास का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारम्भ राज्यपाल ने मटकी में जलधारा प्रवाहित कर जल संरक्षण के संदेश के साथ जल भरो कार्यक्रम से किया। इस अवसर पर समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि हमारा देश नर्सिंग स्टाफ का कृतज्ञ है, जो कोविड काल की चुनौतियों में निरंतर अपनी सेवाएं देते हुए अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहा।

सम्बोधन के दौरान राज्यपाल ने निर्माण कार्यों में कार्यदायी संस्थाओं द्वारा समय से कार्य न करने, निर्माण नियमों को अनदेखा करके कार्य करने, निर्धारित बजट के अंतर्गत कार्य पूर्ण न करके अधिक बजट की मांग करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों के बीच समुचित ताल-मेल और मंत्रियों द्वारा कार्यों की भौतिक जानकारी कार्यों के समयबद्ध सम्पादन के लिए जरूरी है।

समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री तथा चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री, ब्रजेश पाठक ने कहा कि चिकित्सा सेवाओं में नर्सेज की सेवाएं बहुत महत्वपूर्ण होती हैं। उन्होंने कहा कि नर्सेज के लिए केजीएमयू में ट्रांजिट हाॅस्टल का निर्माण हो सका है। इसके बन जाने से नर्सेज और बेहतर तरीके से अपनी सेवाएं दे सकेंगी।

समारोह में राज्यमंत्री चिकित्सा शिक्षा, मयंकेश्वर शरण सिंह ने ट्रांजिट हाॅस्टल के निर्माण हेतु राज्यपाल के व्यापक दिशा-निर्देश के लिए धन्यवाद दिया। मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा ने कहा कि नव निर्मित ट्रांजिट हास्टल में एक माह के अंदर नर्सों को आवासित कर दिया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में नियमों के अवलोकन पर विशेष जोर दिया।

केजीएमयू के कुलपति ले. जन. डाॅ. बिपिन पुरी ने हाॅस्टल के निर्माण में आयी बाधाओं और शासन के सहयोग से पूर्ण हो सके निर्माण कार्य पर विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि हाॅस्टल में 256 कमरों का निर्माण हुआ है। प्रत्येक कमरे में एक लॉबी के साथ एक बेडरूम, एक किचन तथा एक बाथरूम बनाया गया है। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा ने समारोह में धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. विनीत शर्मा, विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, चिकित्सकगण तथा बड़ी संख्या में नर्सेज एवं चिकित्सा छात्र उपस्थित थे।

बृजनन्दन/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular