लखनऊ (हि.स.)। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दीपोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने रामजन्मभूमि स्थल जाकर रामलला की पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के पदाधिकारियों व सदस्यों ने स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर ट्वीट किया कि प्रभु श्रीराम एवं माता सीता की चरणरज से पावन हुई धर्मनगरी श्री अयोध्या जी की प्रांजल धरा को मेरा सादर प्रणाम। भव्य पूजन कार्यक्रम व दीपोत्सव में सहभागी बनने के परम सौभाग्य की प्राप्ति से मन आह्लादित है।जय जय श्री राम।
इसके बाद मुख्यमंत्री का रामकथा पार्क पहुंचकर श्रीराम के स्वरुपों की अगवानी और उन्हें रामकथा पार्क के मंच पर ले जाने का कार्यक्रम है। वहां सायंकाल तक भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक समारोह होगा। इस दौरान राज्यपाल व मुख्यमंत्री भगवान का राजतिलक करेंगे। फिर दोनों लोग मां सरयू की आरती करते हुए शाम छह बजे दीपोत्सव के लिए रामपैड़ी पधारेंगे।
यहां से राज्यपाल श्रीमती पटेल वापस लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगी, जबकि मुख्यमंत्री योगी करीब 7.20 बजे दोबारा रामकथा पार्क जाएंगे और रामलीला के मंचन का अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री अयोध्या में ही रात्रि विश्राम करेंगे और दूसरे दिन हनुमानगढ़ी में दर्शन कर गोरखपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
राज्यपाल आनंदीबेन और मुख्यमंत्री योगी अयोध्या पहुंचे, रामलला के किए दर्शन-पूजन
RELATED ARTICLES
