वाराणसी (हि.स.)। प्रतापगढ़ कुंडा के निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने शनिवार को सुबहे बनारस के अद्भुत नजारे को देखा। राजा भैया ने अलसुबह गंगा में नौकायन के साथ प्रवासी पंक्षियों को बड़े प्यार से दाना भी खिलाया। राजा भैया ने खुद ट्वीट कर अपनी तस्वीर साझा की है। राजा भैया की तस्वीर और उनका अंदाज सोशल मीडिया में सुर्खियों में है। रघुराज प्रताप सिंह पिछले तीन दिनों से शहर में डाले हुए हैं। राजा भैया राजनीतिक सवालों से बचते हुए काशी में हुए विकास की दिल खोलकर सराहना भी कर रहे हैं।
बताया कि काशी में वह धार्मिक यात्रा पर हैं। राजा भैया काशी विश्वनाथ दरबार और श्री संकटमोचन दरबार में दर्शन पूजन कर चुके हैं।
रघुराज प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक हैं। उनकी पहचान बाहुबली राजपूत नेता की है। राजा भैया को साल 2007 के विधानसभा चुनाव में कुल मतदान के करीब आधे वोट सिर्फ उनके पक्ष में ही पड़े थे। निर्दलीय चुनाव लड़े थे और उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार शिव प्रकाश मिश्रा को हराया था। 2012 के विधानसभा चुनाव में भी राजा भैया निर्दलीय विधायक के रूप में चुनाव जीते थे। तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार में खाद्य व नागरिक आपूर्ति मंत्री बने। इससे पहले वह भाजपा के कल्याण सिंह की सरकार में भी मंत्री रहे। 2017 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में राजा भैया ने अपने नजदीकी प्रतिद्वंदी भाजपा के जानकी शरण को 1 लाख से ज्यादा मतों के अंतर से हराया था।
श्रीधर
