-जिला जज की कोर्ट 10 जनवरी को सुनाएगी सजा
-चुनावी रंजिश में हुई थी हत्या
सुल्तानपुर (हि.स.)। जिले के धम्मौर के प्रधान प्रतिनिधि ”राजा बाबू” हत्याकांड में शनिवार को पांच हत्यारोपित दोषी ठहराए गए। अब 10 जनवरी को जिला जज सजा सुनाएंगे।
अभियोजन पक्ष की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 16 नवम्बर 2015 को राजाबाबू सिंह अपने बेटे सुधांशु व साथी जगदीश कश्यप के साथ बाइक से दूबेपुर ब्लॉक जा रहे थे। अकारीपुर के पास स्टार ईंट भट्टे के पास घात लगाकर बैठे अनुराग उर्फ अन्नू, कर्मवीर उर्फ विक्की निवासी धम्मौर, तीरथ राज सिंह निवासी रमैयापुर व एक अन्य ने उन पर गोली से फायर झोक दिया था। घटना स्थल से अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गयी। पुलिस ने कार्रवाई कर सभी आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इस मुकदमे में सरकारी वकील ने 11 और बचाव पक्ष से चार गवाह पेश किए गए। जिला जज जय प्रकाश पांडे ने पत्रावली के साक्ष्यों पर सभी को दोषी करार देते हुए फैसला सुरक्षित कर लिया है। इस मामले में सभी को 10 जनवरी को सजा सुनायी जाएगी।
खूब लगी थी अड़ंगेबाजी
वादी मुकदमा राजा बाबू के छोटे भाई मंनोज कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा कोर्ट में चला तब से हत्यारों ने कई अड़ंगेबाजी की। मनमाफिक गवाह पेश करने या न्याय न मिलने का तर्क लेकर आरोपी सर्वोच्च न्यायालय तक गये। इससे मामले का निर्णय टलता रहा। लेकिन अंत में कोर्ट ने दोषियों को दोषी मान ही लिया। अब हमें सजा का इंतजार है।
दयाशंकर
