Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराजा का सहसपुर और संभल हातिम सराय रेलवे स्टेशन के मध्य विद्युतीकरण...

राजा का सहसपुर और संभल हातिम सराय रेलवे स्टेशन के मध्य विद्युतीकरण का कार्य पूरा

– 21 मार्च को राजा का सहसपुर तथा संभल हातिम सराय रेलवे स्टेशन के मध्य नई ओएचई लाइन का निरीक्षण करेंगे मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त

मुरादाबाद(हि.स.)। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मण्डल के वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह ने रविवार को बताया कि राजा का सहसपुर स्टेशन तथा संभल हातिम सराय स्टेशन के मध्य विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण हो गया है। इस रेल खंड पर विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने के बाद मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण किया जाना है, जिससे इस खंड पर विद्युत शक्ति से चलने वाली ट्रेनों का संचालन प्रारम्भ किया जा सके।

सीनियर डीसीएम ने बताया कि राजा का सहसपुर स्टेशन तथा संभल हातिम सराय स्टेशन के मध्य रेल खंड में नवनिर्मित ओएचई लाइन में विगत 18 मार्च से 25 किलोवाट का निरंतर विद्युत प्रवाह भी प्रारम्भ हो गया हैं। 21 मार्च को मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा इस खंड के विद्युतीकरण के पश्चात् निरीक्षण करेंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ने सोमवार को राजा का सहसपुर स्टेशन तथा संभल हातिम सराय स्टेशन के मध्य ट्रॉली द्वारा खंड की नव निर्मित विद्युत रेल लाइन का संरक्षा व सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण भी करेंगे। इसके उपरान्त उनके द्वारा एक विशेष गाड़ी द्वारा इस खण्ड का गति परीक्षण (हाई स्पीड ट्रायल) किया जाएगा।

मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त की अनुमति प्राप्त होने के उपरान्त राजा का सहसपुर से संभल हातिम सराय रेलवे स्टेशन के मध्य विद्युत शक्ति द्वारा गाड़ियों का संचालन प्रारम्भ हो जायेगा। जिससे गाड़ियां और अधिक गति से राजा का सहसपुर तथा संभल हातिम सराय खण्ड में चल सकेंगी। डीजल इंजन की जगह विद्युत इंजन द्वारा इस रेल खंड में गाड़ियां शुरू होने से रेल खर्च को कम करके रेल राजस्व को भी बढ़ाया जा सकेगा।

सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने कहा कि आम जनता उक्त खण्ड में रेलवे लाईन से दूर रहें तथा विद्युत खम्भों को न छुएं, ऐसा करना जानलेवा हो सकता है। रेलवे लाइन को पार न करें। ट्रैक का अतिक्रमण एक दंडनीय अपराध है और रेलवे अधिनियम के अंतर्गत अभियोजन के उत्तरदायी है।

निमित

RELATED ARTICLES

Most Popular