Sunday, March 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेश राजस्व अर्जित करने व बीज उत्पादन में मत्स्य निगम ने बेहतर कार्य...

 राजस्व अर्जित करने व बीज उत्पादन में मत्स्य निगम ने बेहतर कार्य किए : संजय निषाद

– एक साल की प्रगति रिपोर्ट देख मत्स्य मंत्री ने अधिकारियों को सराहा

लखनऊ (हि.स.)। निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं उप्र सरकार में मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद ने मंगलवार को मत्स्य विकास निगम का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभाग की एक साल की प्रगति रिपोर्ट का जायजा लिया। विभागीय आकंड़ों के मुताबिक मत्स्य विभाग ने पिछले वित्त वर्ष के सापेक्ष इस वित्तीय वर्ष 2022-23 में पांच करोड़ के मुनाफे के साथ राजस्व राशि अर्जित की है। यह जानकारी विभाग निरीक्षण कर मत्स्य मंत्री ने दी।

डॉ संजय कुमार निषाद ने बताया कि ज्वाइंट डायरेक्टर मत्स्य एन एस रहमानी, मुख्य महाप्रबंधक मत्स्य निगम एजाज खान के साथ बीते एक साल की प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी हो रही है मंत्री बनने के बाद मेरे विभाग में वित्त वर्ष 2022-23 में पांच करोड़ के मुनाफे के साथ राशि 15 करोड़ 20 लाख 13 हजार 698 रुपये जमा करवाई गई। जबकि बीते वित्तीय वर्ष में यह राशि 10 करोड़ 60 लाख 62 हजार 790 रुपये की धनराशि निगम ने जमा करवाइ गई थी।

मत्स्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में विभाग ने मत्स्य बीज उत्पादन में भी भारी वृद्धि की है। वित्त वर्ष 2021-22 में प्रदेश की कुल मत्स्य हैचरियों में 90 हजार मत्स्य बीज (कॉमन कार्प) उत्पादन होता था, जो वित्तीय वर्ष 2022-23 में प्रदेश की कुल मत्स्य हैचरियों से 67 लाख 33 हजार मत्स्य बीज उत्पादन किया गया। प्रदेश में मत्स्य विभाग अलग होने के बाद पहली बार 67 गुणा अधिक कॉमन कार्प का उत्पादन होना विभाग के बेहतर कार्य का नतीजा है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विभागीय रजिस्टर खंगाले और प्रगति रिपोर्ट को परखा। इस दौरान कई कर्मचारी और अधिकरियों की गैर मौजूदगी पर उनके विभागीय कार्य से फील्ड पर होने की जानकारी दी गई। मंत्री ने फील्ड में मौजूद अधिकरियों को वीडियो कॉल के माध्यम से बात की और फील्ड लोकेशन को देख संतोष व्यक्त किया।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मत्स्य विभाग को उत्तर प्रदेश में अव्वल बनाने में निरंतर जोर दिया जा रहा है। इसका ही नतीजा है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में राजस्व और हैचरियों से मत्स्य बीज उत्पादन में अप्रत्याशित वृद्धि देखने को मिली है। इसके लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते आगे भी ऐसे ही कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

मोहित वर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular