Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराजमंगल की प्रतिमा का अनावरण कर भावुक हुए राज्यपाल

राजमंगल की प्रतिमा का अनावरण कर भावुक हुए राज्यपाल

राजमंगल की प्रतिमा का अनावरण कर भावुक हुए राज्यपाल

– कुशीनगर के सपहा में नगरपालिका ने स्थापित की पूर्व केंद्रीय मंत्री की प्रतिमा

कुशीनगर(हि. स.)। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने शुक्रवार की सुबह कसया के सपहा चौक पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित राजमंगल पांडेय की प्रतिमा का अनावरण किया। अब यह चौराहा मंगल चौक के नाम से जाना जाएगा। राज्यपाल ने अनावरण के बाद प्रतिमा को नमन किया। इस दौरान पूर्व मंत्री के स्मृतियों में खोए राज्यपाल भावुक दिखे।

नगरपालिका परिषद कुशीनगर ने इस प्रतिमा की स्थापना की है। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों सहित क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी। राज्यपाल के पहुंचने पर देवरिया के सांसद व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी,श्रम व सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, विधायक जटाशंकर त्रिपाठी, जिलाधिकारी एस राजलिंगम, एसपी सचिन्द्र पटेल, स्वर्गीय नेता के पुत्र पूर्व सांसद राजेश पांडेय व पौत्र रुचिर राज पांडेय, नगरपालिका अध्यक्ष साबिरा खातून, पूर्व नपा अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने अगवानी की और बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।

पूर्व सांसद राजेश ने स्वर्गीय नेता के कृत्तित्व, व्यक्तित्व व जीवन वृत पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। बोले कि उनके पिता आजीवन गरीबों, मजलूमों के कल्याण, क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करते रहे। रोजगार के क्षेत्र में दिए गए उनके उल्लेखनीय योगदान को लोग आज भी अमिट हैं।

कहा कि स्व.पिता के दिखाए रास्तों का अनुसरण मेरा परिवार कर रहा है। देश, समाज और क्षेत्र और जिले की सेवा के लिए हर समय मेरे घर के दरवाजे सभी के लिए खुले रहते हैं। प्रतिमा की स्थापना के लिए उन्होंने परिवार की ओर से नगरपालिका का आभार जताया। इस अवसर पर नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि कैफुल अली मजनू, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता, सभासद प्रतिनिधि सन्तोष जायसवाल, पूर्व सभासद रंजीत जायसवाल,एडवोकेट प्रभुनाथ मिश्र, राजू जायसवाल, मंटू तिवारी आदि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular