Monday, February 9, 2026
Homeअन्य राजनाथ सिंह ने इतालवी रक्षा मंत्री के साथ बैठक कर रक्षा सहयोग...

 राजनाथ सिंह ने इतालवी रक्षा मंत्री के साथ बैठक कर रक्षा सहयोग पर किया समझौता

– यात्रा के अगले चरण में फ्रांस जाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, 5वीं वार्षिक रक्षा वार्ता करेंगे

– भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल-एम लड़ाकू विमान खरीदने के सौदे पर भी होगी चर्चा

नई दिल्ली (हि.स.)। इटली और फ्रांस के दौरे पर गए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रोम में अपने इतालवी समकक्ष गुइडो क्रोसेटो के साथ बैठक की। उन्होंने भारत और इटली के बीच रक्षा सहयोग के समझौते पर हस्ताक्षर किए। राजनाथ सिंह के साथ प्रशिक्षण, सूचना साझाकरण और समुद्री सुरक्षा सहित रक्षा सहयोग से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “रोम में इतालवी रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो के साथ गर्मजोशी भरी और सार्थक बैठक हुई। हमने रक्षा सहयोग से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें प्रशिक्षण, सूचना साझा करना और समुद्री सुरक्षा शामिल था।” उन्होंने कहा कि दोनों देश रक्षा साझेदारी और मजबूत करने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा, “भारत और इटली के बीच रक्षा सहयोग पर एक समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए। हम अपनी रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने के लिए तत्पर हैं।”

राजनाथ सिंह यात्रा के दूसरे और अंतिम चरण में अपने समकक्ष फ्रांसीसी सशस्त्र बल मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू के साथ 5वीं वार्षिक रक्षा वार्ता का संचालन करेंगे। भारत और फ्रांस ने हाल ही में रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया। दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण औद्योगिक सहयोग सहित गहरे और व्यापक द्विपक्षीय रक्षा संबंध हैं। रक्षा मंत्री की फ्रांस यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल-एम लड़ाकू विमान खरीदने पर विचार कर रहा है।

फ्रांसीसी डसॉल्ट एविएशन के सीईओ एरिक ट्रैपियर 26 अत्याधुनिक राफेल-एम फाइटर जेट खरीदने के लिए भारतीय नौसेना सौदे पर आगे की बातचीत के लिए भारत पहुंचे। भारतीय नौसेना वाहक आईएनएस विक्रांत पर तैनात करने के लिए भारत और फ्रांस सरकार से सरकार मार्ग से इस बहु अरब डॉलर के सौदे पर हस्ताक्षर करना चाह रहे हैं। भारतीय नौसेना ने अमेरिकी जेट एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट को खारिज करके फ्रांसीसी राफेल एम का सौदा करने का विकल्प चुना है।

सुनीत/संजीव

RELATED ARTICLES

Most Popular