झांसी(हि. स.)। पूंछ थाना क्षेत्र में रविवार को दो माह की बच्ची घर में सो रही थी, तभी वह अचानक रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस बच्ची की तलाश में जुट गई। वहीं सोमवार को बच्ची का शव घर के पास से निकले नाले में पड़ा हुआ बरामद मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी।
पूंछ के मोहल्ला नई बस्ती निवासी नसरुद्दीन की 2 माह की बच्ची घर में सो रही थी तथा उसकी मां कुछ समय के लिए घर के काम में व्यस्त हो गई और जब वह वापस आई तो बच्ची गायब थी। जिसकी काफी खोजबीन की लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस थाना प्रभारी को दी गई। रविवार की सुबह करीब 11 बजे बच्ची गायब हुई थी। जिसके बाद देर शाम तक बच्ची का कोई पता नहीं चला। वहीं घटना की सूचना पर मोंठ थाना पुलिस एरच पुलिस सहित पुलिस क्षेत्राधिकारी मोंठ व फॉरेसिंक टीम जांच में जुटी है और बच्ची का सुराग लगाने का प्रयास कर रही थी। वही सोमवार को पीड़ित नसरुद्दीन के मकान के पास से निकले नाले में बच्ची का शव मिला जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, लेकिन यह अभी तक रहस्य बना हुआ है कि आखिकार बच्ची घर से गायब होकर नाले तक कैसे पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
महेश
