Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशरविवार को मेरठ जायेंगे प्रधानमंत्री, ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की रखेंगे आधारशिला

रविवार को मेरठ जायेंगे प्रधानमंत्री, ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की रखेंगे आधारशिला

नई दिल्ली (हि.स.) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो जनवरी रविवार को मेरठ का दौरा करेंगे और वहां लगभग एक बजे मेजर ध्यान चंद खेल विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। यह विश्वविद्यालय मेरठ के सरधना कस्बे के सलावा और कैली गांव में स्थापित किया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत 700 करोड़ रुपये है।

प्रधानमंत्री कार्यायलय के अनुसार प्रधानमंत्री खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और देश के हर हिस्से में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना स्थापित करने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना इस परिकल्पना को पूरा करने की दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम होगा।

खेल विश्वविद्यालय आधुनिक और उत्कृष्ट खेल अवसंरचना से लैस होगा। सिंथेटिक हॉकी मैदान, फुटबाल मैदान, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी ग्राउंड, लॉन टेनिस कोर्ट, जिम्नेजियम हॉल, सिंथेटिक रनिंग स्टेडियम, तरणताल, बहुउद्देश्यीय हॉल और साइकिल वेलोड्रोम इसमें शामिल होंगे।

विश्वविद्यालय में निशानेबाजी, स्क्वॉश, जिमनास्टिक, भारोत्तलन, तीरंदाजी, कैनोइंग और कयाकिंग जैसी अन्य सुविधायें भी रहेंगी। विश्वविद्यालय में 540 महिला और 540 पुरुष खिलाड़ियों को मिलाकर कुल 1080 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की क्षमता होगी।

अनूप

RELATED ARTICLES

Most Popular