Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशरथयात्रा मेले के दूसरे दिन भी श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन के...

रथयात्रा मेले के दूसरे दिन भी श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए उमड़े

-रिमझिम फुहारों के बीच मेले में दिनभर बनी रही रौनक,नानखटाई जमकर बिकी

वाराणसी (हि.स.)। धर्म नगरी काशी के लक्खा मेले में शुमार तीन दिवसीय रथयात्रा मेले के दूसरे दिन शनिवार को भी भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालु उमड़ते रहे। रिमझिम बारिश के फुहारों के बीच अलसुबह से पूरे दिन श्रद्धालु दर्शन-परिक्रमा के दौरान रथ के पहिए धुमा कर ही रथ खींचने की प्रतीेक परम्परा निभाते रहे। इस दौरान जय जगन्नाथ,हर—हर महादेव का उद्घोष भी श्रद्धालु करते रहे। इसके पहले भोर में भगवान जगन्नाथ,भइया बलभद्र और बहन सुभद्रा की मंगला आरती पुजारी की देखरेख में हुई। प्रभु और उनके परिवार के सदस्यों के काष्ठ विग्रह को लाल वस्त्र धारण कराए गए। सफेद और लाल रंग के फूलों से खास शृंगार किया गया। भगवान को छौंके हुए मूंग, चना, पेड़ा, गुड़ एवं खांड़सारी नीबू के तुलसीयुक्त शर्बत का भोग लगाया गया। मौजूद श्रद्धालुओं और भजन मंडली ने प्रभु की स्तुति के साथ भजन भी गाए। दर्शन पूजन के बाद लोगों ने चटपटी चाट, गोलगप्पों और चाउमिंग और अन्य व्यंजनों का स्वाद लेने के बाद नानखटाई और अन्य सामानों की खरीदारी की। मेला क्षेत्र आस्थावानों की भीड़ से खचाखच भरा था। मेले में बच्चों ने अपने परिजनों के साथ खिलौने और गुब्बारों की खरीदारी के साथ झूले पर भी मस्ती की। उधर,ग्रामीण अंचल के राजातालाब भैरोतालाब में दो दिवसीय रथयात्रा मेले का अंतिम दिन ग्रामीणों की भारी भीड़ दर्शन पूजन के लिए उमड़ती रही। मेले में आये बच्चों और महिलाओं ने झूला,सर्कस, जादूगर, मौत का कुआं खेल का जमकर आनंद उठाया। मेले में गुब्बारा, खिलौना,मिठाई, आम तथा नानखटाई सहित विभिन्न प्रकार की दुकानों पर खरीददारों की भीड़ जुटी रही। मेले में रथयात्रा मेला सुरक्षा समिति के अध्यक्ष राजकुमार राजभर की देखरेख में वालंटियर जहां सक्रिय रहे। वहीं, राजातालाब,रोहनिया, जंसा, कपसेठी, मिर्जामुराद थाने की पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मेला क्षेत्र में चक्रमण करती रही। फायर ब्रिगेड व पीएसी के जवान भी चौकस दिखे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular