कानपुर (हि.स.)। रणजी व सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी चयन ट्रायल के अंतिम दिन ग्रीनपार्क में कानपुर समेत 15 जिलों के 69 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। डायरेक्टर पवेलियन से कोविड नियमावली का पालन करते हुए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन व सैनिटाइजेशन हुआ। तीन दिवसीय चयन ट्रायल में सफल खिलाड़ी छह से आठ दिसंबर के बीच होने वाले अभ्यास मैच में खेलेंगे।
शुक्रवार को अंतिम दिन हुए ट्रायल में कानपुर, जालौन, फिरोजाबाद, बरेली, उन्नाव, हमीरपुर, रायबरेली, शाहजहांपुर, सहारनपुर, बहराइच, पीलीभीत, बुलंदशहर, फैजाबाद, सुल्तानपुर, और बाराबंकी के खिलाडिय़ों ने ट्रायल में सीनियर चयनकर्ताओं के सामने प्रदर्शन किया। मुख्य पिच पर बने नेट्स पर सीनियर चयनकर्ता नासिर अली, सत्येंद्र यादव, रत्नेश मिश्रा, कमलकांत कनौजिया व अरविंद कपूर ने कई चरणों में खिलाड़ियों की फिटनेस के साथ गेंदबाजी व बल्लेबाजी परखा। दिन के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के नाम अभ्यास मैच में चयनित खिलाड़ियों संग सुरक्षित कर लिए गए।
सीनियर मैनेजर क्रिकेट ऑपरेशन श्रेयांश कार्तिकेय ने बताया कि तीन दिवसीय चयन ट्रायल में सफल लगभग 60 खिलाड़ियों का शनिवार को ग्रीनपार्क में सीनियर खिलाडियों के अभ्यास के बाद रजिस्ट्रेशन होगा। छह दिसंबर से ग्रीनपार्क में संभावित खिलाड़ियों के बीच टीम बनाकर उनके बीच अभ्यास मैच कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रणजी से पहले चयनित टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए रवाना होगी।
