रायबरेली (हि. स.)। एक दिवसीय दौरे पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रायबरेली में गुरुवार को विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी और अधिकारियों से कहा कि कोई पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित रह गया तो जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी।
उपमुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्कूल कुंदन गंज में आयोजित जन चौपाल में कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि गांव के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाना है। इसमें सभी विभागों के जिम्मेदार पारदर्शी तरीके से काम करें और सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करें। कहा कि हमारी प्राथमिकता लोगों का उत्थान और विकास करना है। इससे पूर्व उन्होंने करनपुर आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। जहां पर उन्होंने चुनरी, सिंदूर, मिठाई और फल का वितरण किया।
उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र के देवपुरी ग्राम सभा में निर्मित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष शिवेद्र सिंह उर्फ रामजी व नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी श्वेता सिंह के साथ गणेश पूजन व गौ पूजन भी किया। गौशाला में पहुंचने के पश्चात जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव व पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने उपमुख्यमंत्री को बुके देकर उनका स्वागत किया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद भी उपमुख्यमंत्री गौशाला की व्यवस्थाओं को देखा और पूर्ण रूप से संतुष्ट दिखे। इस मौके पर उनके साथ जिले के आला अधिकारियों से लेकर भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही।
उपमुख्यमंत्री को पुलिस लाइन में निर्माणाधीन ट्रांजिट हास्टल के निरीक्षण के दौरान को गुणवत्ता और निर्माण में खामी मिली। उन्होंने कार्यदायी संस्था द्वारा लापरवाही और शिथिलता पाए जाने पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। नगर की इसी तरह मलिन बस्ती कल्लू का पुरवा में निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाभार्थियों से बात की और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पूरे शहर में साफ सफाई दुरुस्त रखने और इसमें शिथिलता न बरतने की हिदायत दी है।
समीक्षा बैठक व चौपाल के दौरान प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक अलोक प्रियदर्शी, सीडीओ पूजा यादव, एडीएम प्रशासन अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
रजनीश
