Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयोजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को देने के लिए बजट बढ़ाया जाए...

योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को देने के लिए बजट बढ़ाया जाए : नरेन्द्र कश्यप

-सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाए सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने विधानसभा कार्यालय कक्ष में विभागीय बैठक की। उन्होंने विभाग में संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को मिले, इसके लिए योजनाओं के लिए आवंटित बजट बढ़ाने के निर्देश दिये हैं।

नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांगजनों एवं पिछड़ा वर्ग के लोगों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनायें संचालित की जा रही हैं। ज्यादा लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिये।

पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री ने पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में नयी योजनाओं को संचालित करने के लिए एक कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी नयी योजनाओं के प्रस्ताव उपलब्ध करायेगी।

उन्होंने पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में संचालित कम्प्यूटर प्रशिक्षण की समीक्षा की। उन्होंने योजना के तहत सी.सी.सी एवं ओ-लेवल का प्रशिक्षण ले रहे तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके लाभार्थियों से फीडबैक लिये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मिले, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।

उन्होंने दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान योजना, कुष्ठावस्था पेंशन योजना, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना, शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, दुकान निर्माण व संचालन योजना, शल्य चिकित्सा अनुदान योजना तथा निशुल्क मोटराइज्ड ट्राइ साइकिल योजना में आवंटित बजट तथा पात्र लाभार्थियों की जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं में अधिक बजट का प्राविधान करके दिव्यांगजनों को योजानाओं का लाभ दिये जाने के निर्देश दिये। डाॅ. शकुन्तला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय में दिव्यांगजनों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिये। उन्होंने विश्वविद्यालय में दिव्यांगजनों के प्रवेश एवं पंजीकरण बढ़ाने पर जोर दिया।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular