-पांच हजार से अधिक लोगों ने एक साथ राम की पैड़ी पर किया योग
अयोध्या (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को राम की पैड़ी पर पांच हजार से अधिक लोगों ने एक साथ योग किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, सांसद लल्लू सिंह और मंडल एवं जिले के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा योग से न कि शारीरिक विकास बढ़ता है बल्कि समाज में भी एक अनुशासन स्थापित होता है। इसलिए सभी को नियमित रूप से योग करना चाहिए। भारत में ऋषि-मुनियों ने योग को प्राथमिकता दी और आज पूरा विश्व योग कर रहा है, योग के जरिए लोग निरोगी हो रहे हैं।
अयोध्या परिक्षेत्र के आईजी रेंज केपी सिंह ने कहा कि योग हम सभी को निरोगी बनाता है। योग करने से कोई भी बीमारी पास नहीं आती और हमेशा स्वास्थ्य लाभ की प्राप्ति होती है।
समारोह का संचालन पतंजलि योगपीठ से आये आचार्यों ने किया। इस अवसर पतंजलि योगपीठ, विवेक सृष्टि ट्रस्ट सहित 15 स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ महाविद्यालय के छात्रों ने प्रतिभाग किया। एक साथ एक समय पर पांच हजार लोगों ने राम की पैड़ी पर योगाभ्यास कर जिले और राज्य की जनता को योग के प्रति जागरुकता का संदेश दिया।
इस दौरान योग दिवस पर मंडलायुक्त नवदीप रिणवा,आईजी रेंज केपी सिंह, डीएम नीतीश कुमार एसएसपी शैलेश पाण्डेय ने भी मौजूद रहे।
पवन
