वाराणसी (हि.स.)। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने गोरखपुर में पुलिस की पिटाई से मृत व्यापारी मनीष गुप्ता मामले को लेकर सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता में कानून व्यवस्था नहीं है। शिक्षा का भी हाल खराब है।
आम आदमी पार्टी के चुनावी तैयारियों का जायजा लेने गुरूवार की शाम शहर में आये सिसोदिया ने रात्रि विश्राम के बाद सुबह बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। दर्शन पूजन के बाद उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सर्किट हाउस में मीडिया से रूबरू थे।
उन्होंने मनीष गुप्ता के परिजनों के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जब तक कानून व्यवस्था ठीक नहीं होगी ये सब चलता रहेगा । एक सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार यदि उत्तर प्रदेश में बनती है तो बजट का एक बड़ा हिस्सा शिक्षा व्यवस्था पर खर्च का प्रावधान होगा। जिस तरह राजधानी दिल्ली की जनता ने पार्टी का साथ दिया तो हमने वहां के सरकारी स्कूलों को पूरे देश में माॅडल के रुप में तैयार कराया। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में कान्वेंट के तर्ज पर शिक्षा शुरु कराई। इसके अलावा कनून व्यवस्था भी प्रदेश में ठीक नहीं है। उसे ठीक करना हमारी प्राथमिकता होगी। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बाबत उन्होंने बताया कि आप ने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा भी शुरू कर दी है। इस बार चुनाव बेहतर तरीके से लड़ बेहतर परिणाम भी देंगे।
उन्होंने कहा कि अन्य चुनावी राज्यों पर भी पार्टी पूरी तरह से ध्यान दे रही है। इसके पहले कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री का जारेदार स्वागत किया। स्वागत के चक्कर में कार्यकर्ता कोरोना प्रोटोकाल की लगातार अनदेखी करते रहे।
