लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने माफिया अतीक अहमद सहित अन्य आरोपितों को प्रयागराज की एमपी एमएलए कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने पर बयान जारी कर प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार में अतीक के खौफ का अंत हुआ है। अभियोजन पक्ष ने मजबूती से कोर्ट में पक्ष रखा, ये योगी सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति से संभव हुआ। एक समय था जब अतीक के मामले में सुनवाई से दर्जनभर न्यायाधीशों ने अपने आप को अलग कर लिया था। आज न्याय हुआ है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि माफिया को मिट्टी में मिलाने का संकल्प पूरा करके रहेंगे।
प्रयागराज जिले में 17 साल पूर्व हुए उमेश पाल अपहरण कांड मामले में मंगलवार को एमपी एमएलए कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने अतीक और उसके भाई अशरफ समेत 10 आरोपियों में से सात को दोषमुक्त कर दिया है। जबकि अतीक, दिनेश पासी और खान शौलत हनीफ को दोषी पाए जाने पर उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही एक-एक लाख रुपये क्षतिपूर्ति के आदेश दिए हैं।
मोहित वर्मा
