लखनऊ : अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा भाजपा सरकार ने अपने सौ झूठ में एक नया झूठ पौधरोपण को भी जोड़ दिया है। मुख्यमंत्री का दावा है कि उनके कार्यकाल में 100 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। लेकिन एक दिन में ही 25.51 करोड़ पौधे रोपने के दावे के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि इस सबके बावजूद उत्तर प्रदेश में हर तरफ हरियाली क्यों नहीं छा गई है और प्रदेश का वन क्षेत्र दुगना-चैगुना क्यों नहीं बढ़ गया?
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपाई दावों के विपरीत समाजवादी सरकार के समय वृहद पौधरोपण कार्यक्रम चलाया गया था। उसका गिनीज बुक में विश्व रिकॉर्ड बना था। लगाए गए पौधे बचे रहे इसलिए बुन्देलखण्ड में तालाबों का जीर्णोद्धार किया गया था। हरित पार्कों का विकास किया गया था। प्रकृति के साथ भाजपा सरकार जितना खिलवाड़ करना चाहें कर लें, और झूठे आंकड़ों से प्रदेश को हरा-भरा बना दें परन्तु जनता जब इन सबका सत्यापन करेगी तो भाजपा को लेने के देने पड़ जाएंगे। सन् 2022 में भाजपा के झूठ की जगह समाजवादी पार्टी का सच और काम बोलता नज़र आएगा।
