Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयोगी सरकार ने माफियाराज किया खत्म : ब्रजेश पाठक

योगी सरकार ने माफियाराज किया खत्म : ब्रजेश पाठक

– भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

फतेहपुर (हि.स.)। जिले में सोमवार को नगर निकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन जुटाने व जीत सुनिश्चित करने के लिए बिन्दकी कस्बे में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। उपमुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर जैसे ही उतरा कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिए।

हेलीकॉप्टर से उतरकर उपमुख्यमंत्री खुली गाड़ी में सवार होकर रोड शो करते हुए सभा स्थल तक पहुंचे। इस बीच रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं की भीड़ रही। जनता को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून व्यवस्था से माफिया राज खत्म हो गया है।

जिले की बिंदकी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद की भाजपा उमीदवार राधा साहू के पक्ष में वोट मांगने आये उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जो विकास कार्य किया है। उसको और तेज करने के लिए इस बार ट्रिपल इंजन की सरकार बनवाना जरूरी है। जिसके लिए आपका वोट बहुत जरूरी है।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो भी योजना लागू की हैं, उसका लाभ गरीब परिवारों को मिल रहा है, यह विकास पिछली सरकारों की तरह कागज पर नहीं बल्कि धरातल पर दिखता है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को नंबर एक पर रखा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में गुंडा-माफिया बनाया जा रहे थे, योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश से गुंडा-माफिया राज खत्म कर दिया है। प्रदेश में जो माफिया थे या तो वह जेल में हैं या फिर प्रदेश छोड़कर चले गए। यूपी में कानून व्यवस्था नंबर एक पर है।

देवेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular