Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयोगी सरकार ने मध्यमवर्ग, गरीब, किसानों व दलितों का उत्पीड़न किया: सचिन...

योगी सरकार ने मध्यमवर्ग, गरीब, किसानों व दलितों का उत्पीड़न किया: सचिन पायलट

-सपा-बसपा को कमजोर विपक्ष बताया पूर्व राजस्थान के उपमुख्यमंत्री ने

गाजियाबाद(हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व राजस्थान राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने गुरुवार को भाजपा के साथ सपा, बसपा को भी घेरा। उन्होंने कहा कि उत्तर-प्रदेश की योगी सरकार ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान मध्यमवर्ग, गरीब, किसानों व दलितों का जमकर उत्पीड़न किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी सुशांत गोयल के लिए गुरुवार को डोर टू डोर जनसम्पर्क कर वोट मांगे।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने समाज के सभी वर्गों का जमकर उत्पीड़न किया है। इस सरकार के कारनामों से जनता परेशान है और उसने इस बार उत्तर प्रदेश में बदलाव का मन बना लिया है। आने वाले विधानसभा चुनाव में चौकाने वाले परिणाम आएंगे।

कहा कि सरकार ने एक साल तक किसानों को धरने पर बैठाए रखा। जिसके चलते 700 किसानों ने आत्महत्या कर ली। योगी शासनकाल में कानून की जमकर धज्जियां उड़ाई। विकास कार्यों पर भी यह सरकार पूरी तरह से विफल रही है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि योगी व पूरी भाजपा एक बार फिर अपने पुराने एजेंडे पर आ गयी है। अब चुनाव प्रचार में योगी एक बार फिर 80-20,मन्दिर-मस्जिद, लव जेहाद जैसे घिसी-पिटी बातों पर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि इन घिसे-पिटे मामलों से आजिज आ चुकी है। जनता का रुख अब कांग्रेस की तरफ है।

सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा कितनी मजबूत है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसके मंत्री भाजपा को छोड़कर दूसरे दलों में जा रहे हैं। अब यह तय हो चुका है कि भाजपा की अब उत्तर प्रदेश से रवानगी तय है।

सपा व बसपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने दोनों पार्टियों को कमजोर विपक्ष बताया। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षो के दौरान प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर जनता के उत्पीड़न के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा कि मायावती आज चुनाव के बावजूद सक्रिय नहीं दिखाई दे रही है। जिसका सीधा अंदाजा लगाया जा सकता है कि बसपा प्रमुख अंदरखाने किसके साथ है। इससे पहले उन्होंने बाजारों में डोर-डोर सम्पर्क कर कांग्रेस प्रत्याशी सुशांत गोयल के लिए वोट मांगे।

इस मौके पर कांग्रेस नेता सतीश त्यागी, लोकेश चौधरी, वीर सिंह चौधरी, सुधीर कुमार, बबली नागर, अनिल कसाना कुच्चू, प्रेम प्रकाश चीनी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

फरमान अली

RELATED ARTICLES

Most Popular