Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयोगी सरकार ने बदला यूपी का नैरेटिव, अब होती विकास की बात...

योगी सरकार ने बदला यूपी का नैरेटिव, अब होती विकास की बात : ब्रजेश पाठक

बलिया(हि. स.)। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बलिया में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में सपा पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के हालात बदल गए हैं। 2017 से पहले गाड़ियों में दस-दस बंदूकें भर कर गुंडे-माफिया चलते थे। उन्हें अपने आपको माफिया कहने में गर्व का अनुभव होता था। लेकिन आज माफिया कह रहे हैं कि हमें जेल में डाल दो अब गुंडई नहीं करेंगे। ऐसा बयान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार से पहले सपा के गुंडे नारा देते थे कि ”समाजवादी पार्टी का नारा है खाली प्लाट हमारा है।” भोले-भाले गरीब आदमी का प्लाट कब्जा कर लेते थे। बेटियां पढ़ने नहीं जाती थीं। योगी सरकार ने रोमियो स्क्वायड बनाकर 25 हजार मुकदमे दर्ज कर लफंगों-शोहदों को जेल भेजने का काम किया। अब कोई शोहदा लफंगा बहन-बेटियों पर बुरी नजर से नहीं देख सकता। यूपी का नैरेटिव बदला है। अब हम विकास की बात कर रहे हैं। आज हमारे पास दो लाख 70 हजार किलोमीटर चौड़ी सड़कें हैं। हर जिला मुख्यालय को फोरलेन से जोड़ा गया है। बेसिक शिक्षा के नब्बे फीसदी से अधिक स्कूल कायाकल्प योजना में मांटेसरी स्कूल से बेहतर बनाए गए हैं।

ब्रजेश पाठक ने कहा पंचायत भवन का कार्यालय डीएम के ऑफिस से बेहतर बनाए गए हैं। बिजली अब सभी 75 जिलों में आती है। बलिया से पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से चार घण्टे में लखनऊ पहुंच जाते हैं। अंतरराष्ट्रीय सड़क भाजपा सरकार ने दिया है। यूपी में अब सबको जीने का माहौल दिया गया है। सिपाही से कप्तान तक और लेखपाल से कलेक्टर को तक सपा के गुंडे उन्हें कुछ भी कह देते थे। लेकिन आज कानून का राज कायम किया गया है। गुंडों में कानून का भय है। आम जनता को कानून का राज पसंद है। 2017 में हमने अपने चुनावी घोषणा पत्र में कहा था कि यूपी में भयमुक्त समाज की स्थापना करेंगे। हर नागरिक ऐसा महसूस कर रहा है।

उन्होंने मिठाई लाल के लिए समर्थन मांगते हुए कहा कि हमारी जिम्मेदारी है कि बलिया का विकास होगा। ”जोगाड़” शब्द की व्याख्या करते हुए कहा कि मिठाई लाल जीतेंगे तो जोगाड़ जरूर करेंगे। मेडिकल कालेज और अस्पताल की बेहतर व्यवस्था होगी।

एन पंकज/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular