मुजफ्फरनगर (हि.स.)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को माफ़ियावाद से मुक्ति दिलाई है। आज गुंडे-अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। खतौली सीट से रालोद उम्मीदवार पर तंज कसते हुए कहा कि जितने आपके बच्चों की उम्र नहीं है, उतने रालोद उम्मीदवार पर मुकदमें हैं।
खतौली उप चुनाव में भाजपा उम्मीदवार राजकुमारी सैनी के चुनाव प्रचार के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे। उन्होंने खतौली क्षेत्र के बड़सू गांव में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने रालोद से गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया पर जमकर तंज कसें। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में अपराधी जेल चले गए हैं। अब प्रदेश में शांति कायम है। उत्तर प्रदेश आज प्रगति पथ पर अग्रसर है। बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य हो रहे हैं। भाजपा खतौली सीट पर फिर से जीत दर्ज करेगी।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्ववर्ती सपा सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि प्रदेश में पहले की सरकार गुंडगर्दी की प्रतीक थी। जनता गुंडागर्दी के कारण त्राहि-त्राहि कर रही थी। प्रदेश में आम जनता का उत्पीड़न होता था। भाजपा की सरकार बनते ही प्रदेश और देश का माहौल बदल गया है। भाजपा का लक्ष्य देश और प्रदेश का विकास करना है। खतौली, रामपुर के साथ ही मैनपुरी में भी इस बार भाजपा का कमल खिलेगा।
उन्होंने कहा कि मैं वोट के रूप में कर्ज मांगने आया हूँ। ब्याज के साथ डबल इंजन की सरकार इस कर्ज को चुकता करेगी। जनसभा में रालोद के पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी अपने समर्थकों समेत भाजपा में शामिल हो गए। वे 2010 में रालोद से एमएलसी बने थे। भाजपा के बाद सपा में शामिल हो गए थे।
कुलदीप
