-आलू, प्याज और खाद्य तेलों की कीमतें आसमान पर, आम आदमी कर रहा हाहाकार
लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस ने रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने वाली आवश्यक खाद्य वस्तुओं के बढ़ते दामों को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने सोमवार को कहा कि योगी सरकार जमाखोरों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बढ़ती महंगाई और आवश्यक खाद्य वस्तुओं आलू, प्याज और खाद्य तेल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का जीवन तबाह कर रखा है। आलू, प्याज और तेल जैसी वस्तुओं हर आदमी उपभोग करता है।
कोरोना काल में जहां आम आदमी अपने रोजगार से हाथ धो चुका है या फिर उसकी आमदनी आधी हो चुकी है ऐसे में रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने आलू, प्याज, तेल की बढ़ी कीमतों ने आदमी की कमर तोड़ के रख दी हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार विपत्तिकाल में जनता से किए गए वादे भी पूरा करने में नाकाम रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार में महंगाई का आलम है कि आलू 60 रुपये, प्याज 80 रुपये और तेल 150 रुपये लीटर की दर से मिल रहा है। योगी सरकार ने आम आदमी को राहत देने के वास्ते सस्ते स्टाल लगा कर आलू, प्याज और तेल बेचने का ऐलान किया था पर उनकी यह योजना लखनऊ में ही औंधे मुंह गिर पड़ी।
