लखनऊ (हि.स.)। योगी सरकार 19 मार्च को अपने चार वर्ष पूरे करने जा रही है। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित दोनों उपमुख्यमंत्रियों व भाजपा कार्यकर्ताओं को इसके लिए शुभकामनाएं दी हैं।
नड्डा ने गुरुवार को अपने ट्वीट में कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के सफलतम चार वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी, उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा जी व भाजपा कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में योगी सरकार ने प्रत्येक वर्ग के कल्याण व उत्थान की दिशा में प्रभावशाली कदम उठाये हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोककल्याणकारी नीतियों व विकास कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और कोरोना महामारी के दौरान कुशल प्रबंधन में राज्य सरकार द्वारा किए गए सार्थक प्रयास प्रशंसनीय हैं। प्रदेश प्रगति के पथ पर अविरल गति से आगे बढ़ता रहे, यही मेरी कामना है।
इस पर मुख्यमंत्री योगी ने आभार हुए कहा कि आपकी भावपूर्ण शुभकामनाओं के लिए हृदयतल से धन्यवाद। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश अपनी विकासपरक एवं सकारात्मक पहचान बनाने में सफल हुआ है। ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण की चार वर्षों की यह सफल यात्रा प्रदेश की 24 करोड़ जनता को समर्पित है।
