Friday, March 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयोगी सरकार के चार साल पर लखनऊ में शुरु हुई उपलब्धियों की...

योगी सरकार के चार साल पर लखनऊ में शुरु हुई उपलब्धियों की प्रदर्शनी

-मुख्यमंत्री योगी ने किया उद्घाटन
पीएन द्विवेदी

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूरा होने के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी शुरु की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उनकी सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म का रहा है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में उनकी सरकार ने उप्र को बीमारु राज्य से समर्थ प्रदेश की ओर अग्रसर किया है। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से राज्य की भाजपा सरकार ने उप्र की इमेज बदलने का काम किया और राज्य को हर क्षेत्र में आगे ले जा रहे हैं। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उप्र को जैसा मुख्यमंत्री चाहिए था योगी आदित्यनाथ वैसे ही मिले हैं। पूर्ववर्ती सपा सरकार पर तंज कसते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हमें गड्ढ़ा युक्त सड़कें दी थीं हमने सबको गड्ढ़ा मुक्त कर दिया। उन्होंने हमें अंधेरा दिया था हमने उजाला दिया है। श्री मौर्य ने कहा कि कार्यकर्ताओ की कड़ी मेहनत ने हमें उत्तर प्रदेश को बदलने का मौका दिया। 
दूसरे उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश में पहले जंगलराज था। शिक्षा के क्षेत्र में नकल माफियाओं का बोलबाला था। योगी सरकार ने चार साल में प्रदेश की इस इमेज को बदल दिया है। अब यहां नकलविहीन परीक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले चार वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सकारात्मक परिवर्तन हुए।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपना संबोधन ‘हम लाए हैं अपराध से यूपी निकाल कर, इस क्षेत्र को रखना मित्रों संभाल कर’ गीत से शुरु किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार चार साल में जंगलराज समाप्त कर उप्र को विकास के मार्ग पर अग्रसर किया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने इस मौके पर कहा कि योगी जैसा मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को मिल ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि सपा शासन में यहां काम नहीं कारनामा बोलता था लेकिन अब चारों तरफ विकास के कार्य ही दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि उप्र के सर्वांगीण विकास के लिए योगी सरकार को 15 साल का समय चाहिए। 
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर निराश्रित महिलाओं को पेंशन योजना का प्रमाण पत्र और आयुष्मान भारत के लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड भी प्रदान किया। भोजपुरी गायक दिनेश लाल निरहुआ ने ‘बाबा विश्वनाथ की ऐसी अलख जगाए योगी जी, सपना रामराज का पूरा कर दिखलाए योगी जी’ गीत प्रस्तुत किया। 
कार्यक्रम में सांसद कौशल किशोर, महापौर संयुक्ता भाटिया, भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविन्द शुक्ला, प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular