फिरोजाबाद(हि.स.)। सपा महासचिव प्रो0 रामगोपाल यादव का कहना है कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की असफलताओं को लेकर सपा इस बार चुनाव मैदान में है। इस वार 1977 जैसा हाल होगा, भाजपा पूरी तरह साफ होगी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो0 रामगोपाल यादव गुरूवार को फिरोजाबाद के जिला मुख्यालय स्थित सपा कार्यालय पहुंचे थे। जहां उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से परेशान है। प्रदेश में फर्जी मुठभेड़, फर्जी मुकदमे हो रहे है। शिक्षक व बेरोजगार नौजवान परेशान है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रचार पर पैसे खर्च कर रहे है विकास पर नही। जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिये अमादा है और 10 मार्च को बेदखल करेगी, अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनायेगी। उन्होंने कहा कि रोजगार के नाम पर सरकार झूठ बोलती है। गांव में पूछ लो एक आदमी को रोजगार नहीं मिला।
इस बार 1977 जैसा हाल होगा, जनता चुप है लेकिन जब वोट डालेगी तो भाजपा पूरी तरह साफ होगी। उत्तर प्रदेश की जनता जाति, धर्म से ऊपर उठकर सपा व गठबंधन के उम्मीदवारों को जिताने का काम करेगी। फिरोजाबाद की पांचों सीटों पर सपा की जीत होगी।
कौशल
