मेरठ (हि.स.)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि उप्र में भाजपा के मुकाबले कोई विपक्षी दल नहीं है। 2019 की तरह इस बार भी गठबंधन फेल हो जाएगा। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिलकर चौधरी चरण सिंह के सपने पूरे कर रहे हैं।
भाजपा के पश्चिम क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भाग लेने के लिए उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा शनिवार को मेरठ पहुंचे। श्रम सलाहकार परिषद के अध्यक्ष पंडित सुनील भराला की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। बूथ सम्मेलन में उन्होंने कहा कि विपक्षी दल सपना देखते हैं और मौका मिलते ही अपने सपने पूरा करते हैं। योगी सरकार ने प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर कर दिया है। आगामी चुनावों में भाजपा को 300 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल होगी। प्रदेश में सपा का मुकाबला बसपा से, बसपा का मुकाबला कांग्रेस से और कांग्रेस का मुकाबला रालोद से है। कहीं पर भी भाजपा के मुकाबले में विपक्ष नहीं है। सपा, बसपा, रालोद और कांग्रेस पहले भी मिलकर लड़े हैं। इस बार भी भाजपा के सामने गठबंधन फेल हो जाएगा। चुनाव के समय प्रदेश में विपक्षी नेता विचरण करने में लगे हैं।
रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी कटाक्ष करते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि जयंत चौधरी सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के सपने को मोदी-योगी मिलकर पूरा कर रहे हैं। किसानों के हित में क्रांतिकारी निर्णय लिए जा रहे हैं। इससे किसानों के चेहरे पर खुशी है। भाजपा सरकार ने पश्चिम उप्र में अनेक विकास कार्य कराए हैं। जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, खेल विवि, सहारनपुर में राज्य विवि, रैपिड रेल आदि तमाम विकास के प्रोजेक्ट पश्चिम उप्र में चल रहे हैं।
भाजपा की रीढ़ हैं पार्टी कार्यकर्ता
बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की रीढ़ मजबूत कार्यकर्ता है। इसमें बूथों पर मजबूत कार्यकर्ता होने से ही चुनावों में जीत मिलती है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है,जबकि विपक्षी दल परिवारवाद और वंशवाद से चल रहे हैं। भाजपा में साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत से पार्टी के सर्वोच्च पद पर आसीन हो सकता है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं के बल पर ही अगले चुनावों में भाजपा को जीत हासिल होगी।
कुलदीप
