Monday, March 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयोगी बोले, पहले 30 साल में 53 लाख, अब सिर्फ चार साल...

योगी बोले, पहले 30 साल में 53 लाख, अब सिर्फ चार साल में 42 लाख गरीबों को मकान

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना ‘हर गरीब का हो घर अपना’, तेजी से पूरा हो रहा है। हमारी सरकार में मात्र चार वर्ष के अंदर प्रदेश में 41 लाख 73 हजार से अधिक ग्रामीण और शहरी लाभार्थियों को आवास मिले हैं। आज पांच लाख, 51 हजार लाभार्थी गृह प्रवेश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को यहां प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के पांच लाख, 51 हजार लाभार्थियों को घरों की चाबी सौंपी। आवासों की चाबी वितरण कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्पन्न हुआ। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाभार्थियों से बातचीत भी की। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। योगी ने याद दिलाया कि पिछली सरकारों के समय 30 साल में करीब 53 लाख मकान ही मिल पाए थे।

अपने संबोधन में योगी ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देना चाहिए कि उन्होंने बिना किसी भेदभाव के गरीबों को सभी योजनाओं से जोड़ा है। इससे यह साबित होता है कि गरीब को केंद्र में रखकर काम करने की पहले की सरकारों की कोई योजना नहीं थी। उनकी कोई मंशा नहीं थी। प्रधानमंत्री मोदी ने बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ दिया है। आज प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 27 लाख लोगों को लाभ मिल रहा है।

सीएम योगी ने बताया कि लखीमपुर में बहुत सराहनीय कार्य किया जा रहा है। क्लस्टर बनाकर लोगों को कॉलोनियां दी जा रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी का स्मार्ट विलेज का सपना लखीमपुर में पूरा होता हुआ दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने लखीमपुर खीरी के सभी अधिकारियों और जिले के सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सरकार को आम जन का भी सहयोग मिलेगा तो विकास और तेज गति से आगे बढ़ पाएगा। उन्होंने सभी महिलाओं को ग्रामीण आजीविका मिशन से जोड़ने को भी कहा।

इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह मोती सिंह, विभाग के राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, अपर मुख्य सचिव (सूचना) नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular