आंबेडकर के विचारों का केन्द्र बनेगा लखनऊ
बस्ती (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दलितों के सच्चे मित्र हैं। उक्त बातें आज सदस्य विधान परिषद एवं पूर्व अध्यक्ष-उ.प्र. अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने आज सार्किट हाउस, बस्ती में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के फलस्वरूप प्रदेश के समस्त सरकारी कार्यालय में बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर की फोटो लगायी गयी है। पूर्व की सरकार में दलितों के जमीन पर अवैध कब्जे किए जाते थे, जिसे योगी सरकार ने पूरी सख्ती के साथ रुकवाया। दलितों के प्रति पूर्व की सरकारों में होने वाले सांघातिक हमलों पर भी विराम लगाया गया है तथा दलितों के प्रति हुए संगीन अपराधों में रासुका तक लागू की गयी है।
डाॅ. निर्मल ने कहा कि योगी सरकार ने लखनऊ के डॉ. आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र बनवा रही है, जिसमें संग्रहालय, पुस्तकालय, प्रेक्षागृह, विपस्सना केन्द्र तथा डॉ. आंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर शोध के लिए शोध केन्द्र स्थापित किया जा रहा है। डाॅ. निर्मल ने बताया कि लखनऊ आंबेडकर के विचारों का मुख्य केन्द्र बनेगा। स्मारक में बन रहे सांस्कृतिक केन्द्र के माध्यम से डाॅ. आंबेडकर के विभिन्न पहलुओं को उजागर करने तथा दलितों, वंचितों के समग्र विकास के लिए सांस्कृतिक केन्द्र में अनेक गतिविधियां संचालित की जायेंगी। आवास योजना, सौभाग्य योजना, उज्वला योजना स्वच्छ भारत मिशन आदि योजानओं के 70 से 80 प्रतिशत लाभार्थी दलित वंचित समाज के हैं। इन योजनाओं ने उनके चेहरे पर मुस्कान ला दी है।
डाॅ. निर्मल ने कहा कि मोदी-योगी सरकार दलितों के साथ डाॅ.आंबेडकर का भी सम्मान कर रही है। आज आंबेडकर के जन्म स्थल महू छावनी, शिक्षा स्थल 10 किंग्स हेनरी रोड, लंदन उनके परिनिर्वाण स्थल 26 अलीपुर रोड दिल्ली, दीक्षा स्थल नागपुर और उनके अन्तिम क्रिया स्थल चैत्य भूमि में भव्य स्मारक बनवाया गया है। डॉ. निर्मल ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकारें जो भी योजनाएं चल रही है. उनके केन्द्र में गरीब दलित वचित वर्ग के लोग हैं।
महेंद्र/सियाराम
